नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर 75 हजार रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का शाहदरा साइबर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी सीए सोनम चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने खुद को कोटक महिंद्रा बैंक का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए एक एपीके फाइल भेजी। फाइल डाउनलोड करते ही पीड़िता का मोबाइल फोन हैक हो गया और उनके क्रेडिट कार्ड से 75,694 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई।
डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम से जेप्टो ऐप के जरिए इलेक्ट्रॉनिक व अन्य सामान मंगवाया गया था, जिसकी डिलीवरी फरीदाबाद के चार्मवुड विलेज में कराई गई। तकनीकी जांच और मनी ट्रेल के आधार पर पुलिस ने फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित लक्कड़पुर गांव में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार झा, आशीष कुमार ओझा, विवेक कुमार उर्फ मोनू और इकरार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आशीष कुमार ओझा पहले एक क्रेडिट कार्ड सेल्स कंपनी में काम करता था और उसके पास ग्राहकों का गोपनीय डेटा मौजूद था। इसी डेटा का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक एपीके तैयार की गई और लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।


More Stories
भोजपुरी स्टार पर लगा आरोप: महिला आयोग ने लिया संज्ञान, जांच तेज
गैस बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव: अब अतिरिक्त सिलिंडर के लिए बताना होगा कारण
मथुरा हिंसा में बड़ा खुलासा: फायरिंग, पथराव और पुलिस कार्रवाई के बीच बढ़ा तनाव
खीर सेरेमनी के साथ दिल्ली बजट सत्र की शुरुआत
आरजेएस पीबीएच का बड़ा संदेश: युवाओं से राष्ट्र निर्माण का आह्वान
बादशाहपुर रैली में विकास का संकल्प: मुख्यमंत्री ने दी नई परियोजनाओं की सौगात