
गुवाहाटी/असम/सिमरन मोरया/- असम में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में तीन और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस वर्ष बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। मृतकों में दो लोग शिवसागर और एक गोलाघाट जिले के निवासी थे।
फिलहाल राज्य के सात जिले- शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव, बिश्वनाथ और कामरूप (मेट्रोपॉलिटन)- बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों के 551 गांव अब भी जलमग्न हैं और 3 लाख से अधिक लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं।
सबसे अधिक प्रभावित चराइदेव जिला है, जहां करीब 1.37 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, शिवसागर में लगभग 84,600 और जोरहाट में 49,911 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
हजारों लोगों ने छोड़े घर
बाढ़ के कारण हजारों परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। राज्य में 71 राहत शिविरों में 16,500 से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। इसके अलावा 30 राहत वितरण केंद्रों के माध्यम से 72 हजार से ज्यादा लोगों तक भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। मेडिकल टीमें, पशु चिकित्सा दल और अन्य सरकारी एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
खेती और पशुधन को भारी नुकसान
बाढ़ ने कृषि और पशुधन को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया है। करीब 21,523 हेक्टेयर फसल पानी में डूब गई है। इसके अलावा 11 हजार से अधिक पशु बह गए, जबकि 17 हजार से ज्यादा पशु प्रभावित हुए हैं। कई सड़कें, तटबंध, स्कूल, घर और अन्य सार्वजनिक संपत्तियां भी बाढ़ की चपेट में आ गई हैं।
IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 जुलाई से 1 अगस्त तक असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तिनसुकिया जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि नागालैंड के कुछ जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी है, जिसका असर असम के सीमावर्ती इलाकों पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने जलभराव, अचानक बाढ़, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर जाने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य और तेज किए जाएंगे।





More Stories
दिल्ली के नजफगढ़ की गारमेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 22 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
दिल्ली में उत्तम नगर की बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, कई वाहन जलकर राख
मुख्यमंत्री धामी ने की २ महत्वपूर्ण घोषणाएं : तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी, पत्रकार पेंशन की राशि में भी होगी वृद्धि
दिल्ली: चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो की मौत, प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- ऐसा लगा अपना ही मकान..
धनतेरस पर सोने-चांदी की चमक, हल्के वजन में भारी डिजाइन का क्रेज; ज्वेलर्स ने की खास तैयारी
दीवाली पर अतिक्रमण की चपेट नजफगढ़ बाजार, एमसीडी और दिल्ली पुलिस की व्यवस्था पर उठे सवाल