नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- द्वारका जिले की छावला थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन समेत वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने मामले के संदर्भ में बताया कि समग्र पर्यवेक्षण में छावला थाना पुलिस ने पुरानी ई-एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मामले की तेजी से जांच करते हुए इस सफलता को हासिल किया।
12 घंटे की सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस बनी सफलता की कुंजी-
मामला दर्ज होते ही थाना छावला के एसएचओ और एसीपी छावला के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल फैली राम और हेड कांस्टेबल अशोक मीणा शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पूछताछ की, स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा 12 घंटे से अधिक की सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी-
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन मुखिया (26) निवासी जिला दरभंगा, बिहार तथा मोहम्मद आशिक (26) निवासी जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया।
बरामद सामान-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी की बिछिया, एक चांदी का मंगलसूत्र, एक चांदी की चेन, एक सोने की नथ, एक नोकिया मोबाइल फोन, पीतल रंग की लड्डू गोपाल की मूर्ति तथा दो चांदी की बांसुरियां बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जो आरोपी मोहम्मद आशिक के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस की तत्परता से सुलझा मामला-
द्वारका पुलिस के अनुसार, त्वरित कार्रवाई, तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र और समन्वित फील्ड वर्क के कारण मामले का बेहद कम समय में सफल खुलासा संभव हो सका। पुलिस का कहना है कि यह सफलता टीम की सतर्कता, पेशेवर कार्यशैली और अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
द्वारका जिला पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


More Stories
वन महोत्सव के समापन पर स्व० कृष्ण लाल अरोड़ा की स्मृति में आरजेएस पीबीएच का 599 वां कार्यक्रम संपन्न
द्वारका पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालकर दबोचा शातिर चोर
सीबीपीएसी आयुर्वेद संस्थान में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
द्वारका पुलिस का बड़ा एक्शन, कुख्यात बदमाश दीपक उर्फ पोपला गिरफ्तार!
मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल को प्याज की खेती एवं कटाई उपरांत प्रबंधन में किया गया प्रशिक्षित
सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र झाड़ौदा में हुई मिशन, 70 लाख पौधारोपण अभियान की शुरूआत