

नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने गली सितारा वाली में 3 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने की दिल दहला देने वाली घटना के बाद घटनास्थल का दौरा किया।

उन्होंने इस भीषण हादसे में 2 लोगों की मौत पर गहरा शोक और संवेदना व्यक्त की। यादव ने मलबे से एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकाले जाने की बात कही और मलबे में दबे अन्य लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम से राहत अभियान में तेजी लाने का अनुरोध किया।
मृतकों के परिजनों को रोजगार व मुआवजे की मांग
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद देवेंद्र यादव ने सरकार से मांग की कि मृतकों के आश्रित परिजनों की आजीविका सुरक्षित करने के लिए उन्हें तुरंत रोजगार और उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही घायलों के लिए भी मुआवजे की घोषणा की जाए।
उन्होंने सरकार से यह भी सवाल किया कि पिछली इमारत ढहने की घटनाओं में घोषित मुआवजा राशि यदि पीड़ितों को दी गई है, तो उसका विवरण सार्वजनिक किया जाए।
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी कार्रवाई को सिर्फ कागजों तक सीमित रखती है। उन्होंने इस पूरे हादसे की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की।
पार्षद-अधिकारी सांठगांठ पर उठाए सवाल
देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घटनास्थल पर पहुंचने पर उन पर सीधे सवाल दागे। उन्होंने पूछा कि क्या दिल्ली में हर महीने इमारतें गिरने का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा?
उन्होंने कहा कि केवल जेई/एई या संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर देने से लोगों की जान जाने का सिलसिला नहीं रुक सकता।
अगर सरकार वाकई लोगों की जान बचाना चाहती है, तो उसे अवैध निर्माण कराने में सक्रिय लैंटर माफिया पर सख्त कार्रवाई करनी होगी, जिसमें भाजपा और आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों की संलिप्तता की आशंका रहती है।
भाजपा के शासन में इमारतों के ढहने की बढ़ती घटनाएं

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार और एमसीडी में भाजपा के आने के बाद से भ्रष्टाचार चरम पर है। इस कारण राजधानी में हर महीने इमारतें ढह रही हैं।उन्होंने 2026 में हुए हादसों का आंकड़ा साझा करते हुए बताया…
मई में सैदुल्लाजैब हादसा
जून-जुलाई में मुकुंदपुर और करावल नगर में भी इमारत जमींदोज हो गई
जुलाई में रोहिणी सेक्टर-16 में इमारत ढह गई
6 सितंबर को सत्या निकेतन में
7 अक्टूबर को न्यू सीमापुरी में
25 अक्टूबर को मिलन गार्डन (हर्ष विहार) में
5 नवंबर को चावड़ी बाजार में इमारत का गिरना





More Stories
दिवाली पर नोएडा में फायर विभाग अलर्ट, 30 संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात होंगी फायर बाइक और गाड़ियां
दिल्ली NCR में ठंड ने दी दस्तक, कई इलाकों में ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण
दिल्ली: चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो की मौत, प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- ऐसा लगा अपना ही मकान..
धनतेरस पर सोने-चांदी की चमक, हल्के वजन में भारी डिजाइन का क्रेज; ज्वेलर्स ने की खास तैयारी
दीवाली पर अतिक्रमण की चपेट नजफगढ़ बाजार, एमसीडी और दिल्ली पुलिस की व्यवस्था पर उठे सवाल
दिल्ली के मंगोलपुरी में रेहड़ी लगाने वाले युवक की चाकू से गोदकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस