नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/शिवकुमार यादव । द्वारका जिला पुलिस की एंटी-जेल बेल एवं प्रो-क्लेम्ड ऑफेंडर्स सेल की टीम ने महिलाओं से क्रूरता से संबंधित मामले में लंबे समय से सुनवाई से बच रहे एक घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) को हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार (39) पुत्र नरेश कुमार, निवासी गांव कालियावास, झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ थाना डाबरी में वर्ष 2019 में एफआईआर नंबर 395/2019 दर्ज की गई थी। मामला धारा 498ए/34 आईपीसी से संबंधित है। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद 10 जुलाई 2026 को द्वारका स्थित दक्षिण-पश्चिम जिला महिला न्यायालय की माननीय जेएमएफसी सुश्री सुभी गुप्ता की अदालत ने उसे घोषित अपराधी (पी.ओ.) घोषित कर दिया था।
विशेष अभियान के तहत गठित की गई टीम
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देश पर घोषित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी-जेल बेल एवं प्रो-क्लेम्ड ऑफेंडर्स सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल राहुल यादव नंबर 532/डीडब्ल्यू और हेड कांस्टेबल कुलवंत नंबर 681/डीडब्ल्यू शामिल थे। टीम ने एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की करीबी निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया।
गुप्त सूचना पर झज्जर में दबिश
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को टीम को गुप्त सूचना मिली कि घोषित अपराधी अनिल कुमार लगातार पुलिस और अदालत की कार्रवाई से बच रहा है और वर्तमान में हरियाणा के झज्जर जिले के गांव बिरोहर के आसपास घूम रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम झज्जर के गांव बिरोहर पहुंची। वहां पुलिसकर्मियों ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा, टीम ने घेराबंदी कर उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। द्वारका जिला पुलिस का कहना है कि अदालत से घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


More Stories
द्वारका में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, कासगंज से आरोपी गिरफ्तार
मधु विहार की बदहाली पर फूटा जनता का गुस्सा, सातों ब्लॉक एकजुट; समाधान नहीं तो बड़े जनआंदोलन की चेतावनी
लुटेरों, झपटमारों और वाहन चोरों पर नॉर्थ जिला पुलिस का शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार
द्वारका में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, कासगंज से आरोपी गिरफ्तार
ओवरस्टे मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, 2024 में घोषित हुआ था PO
ऑपरेशन VISTA 1.0 में तीन विदेशी नागरिक पकड़े