गुरुग्राम/अनीशा चौहान/- गुरुग्राम के सेक्टर-57 में 17 अगस्त को यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। सुबह करीब 5:30 बजे तीन मास्कधारी बदमाश बाइक पर आए और घर के बाहर दो दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि उस वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
दो और शूटर पुलिस के शिकंजे में
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शूटर्स—गौरव और आदित्य—को रोहिणी से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों फरीदाबाद के रहने वाले हैं और कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गैंग के नेटवर्क और हमले की साजिश से जुड़े कई बड़े राज खुल सकते हैं।
पहले भी पकड़ा गया था एक शूटर
इससे पहले फरीदाबाद पुलिस ने 17 अगस्त को ही एक मुठभेड़ के दौरान शूटर इशांत गांधी उर्फ ईशू को गिरफ्तार किया था। सेक्टर-30 में तड़के करीब 4:30 बजे क्राइम ब्रांच ने उसे बाइक पर रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे दबोच लिया गया। सीसीटीवी फुटेज में इशांत को भी एल्विश यादव के घर फायरिंग करते हुए देखा गया था।
हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी
फायरिंग के तुरंत बाद हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। गैंग ने दावा किया कि एल्विश यादव बेटिंग ऐप्स को प्रमोट करके कई घर बर्बाद कर रहे थे, इसलिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की जांच तेज
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुरुग्राम पुलिस लगातार मामले की गहन जांच कर रही है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार शूटर्स से पूछताछ में भाऊ गैंग के और भी सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
इस वारदात ने गुरुग्राम की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


More Stories
शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 609 अंक उछला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण में भारी मतदान, 3 बजे तक 79% वोटिंग
पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा पत्र
गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग, कई मंजिलों तक फैली लपटें; इलाके में मचा हड़कंप
गुरुग्राम में नवाचार और उद्यमशीलता का संगम, 200 प्रतिभागियों ने सीखे स्टार्टअप के गुर
उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले ही सप्ताह में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचे