
मानसी शर्मा / – एलजी वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को एक साथ इंद्रप्रस्थ डिपो से 500 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे राष्ट्रीय राजधानी में अब इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 1,300 हो गई। जनवरी 2022 से अभी तक 800 इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं। दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि राजधानी की सड़कों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों की संख्या अब देश में सबसे ज्यादा हो गई है। दिल्ली में 2025 तक 10 हजार से ज्यादा बसें हो जाएंगी, इनमें 80 प्रतिशत यानी करीब 8000 बसें इलेक्ट्रिक होंगी।
एलजी ने कहा कि हमने 500 इलेक्ट्रिक बसें उतारी हैं। ये शून्यउत्सर्जन वाली बसें हैं। दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए ऐसे काम करना जारी रखेंगे। सीएम केजरीवाल ने एलजी को धन्यवाद दिया और शहरी परिवहन में सुधार जारी रखने का वादा किया। एलजी व सीएम ने नई इलेक्ट्रिक बसों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा भी लिया। इस मौके पर परिवहन आयुक्त आशीष कुंद्रा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बाद में सचिवालय में प्रेसवार्ता में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में बसों को शामिल करना एक मजबूत कदम है। एक सीएनजी बस प्रति किमी 800 ग्राम कार्बन डाइआक्साइड उत्सर्जित करती है, जबकि एक इलेक्ट्रिक बस इतनी ही मात्रा में इसे वातावरण में जाने से बचाती है। पहले से चल रहीं 800 ई-बसों ने 42 मिलियन किमी से अधिक की दूरी तय की है और 34 हजार टन से अधिक कार्बन घटा है। 2025 तक दिल्ली में कुल 10,480 बसें होंगी, जिनमें बेड़े का 80 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक बसें होंगी। नई बसें वातानुकूलित, आरामदायक और सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन से लैस हैं। पैनिक बटन दबाते ही कमांड और कंट्रोल सेंटर में लाइव फीड शुरू हो जाएगी। फीड दिल्ली पुलिस तक भी पहुंचेगी।
गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि 2025 तक पूरे बस बेड़े को इलेक्ट्रिक बसों में बदलना है। हमारा लक्ष्य है कि 2025 के अंत तक इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर आठ हजार के पार ले जाना है। ऐसा होने पर दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो जाएगा, जहां सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। उन्होंने बताया कि आठ हजार ई-बसों में से छह हजार ई-बसों का वर्क आर्डर जारी कर चुके हैं। अब लगभग हर महीने 50 से ‘लेकर 100 ई-बसें बेड़े में शामिल करते जाएंगे। गहलोत ने बताया कि दिल्ली में स्थित सभी डिपो का विद्युतीकरण किया जा रहा है। दिल्ली में हमारे 60 से अधिक बस डिपो हैं। इन सब में विद्युतीकरण का बड़े स्तर पर काम चल रहा है। ये 500 ई-बसें रोहिणी, हसनपुर 160, वजीरपुर में 130, सुभाष प्लेस और बीबीएम डिपो में भी बसों को शामिल किया जाएगा।





More Stories
गोयला डेयरी में MCD का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सार्वजनिक जगहों से हटाए अवैध कब्जे
श्री रामलीला हल्द्वानी में एक ओर करुणा, विलाप और भक्ति का समंदर दिखा तो दूसरी ओर पराक्रम, गर्जना और भस्म होती लंका का दृश्य दिखा
दिल्ली-NCR में वाहन चोरों पर AATS का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद
नरेला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; शिव-पार्वती की मूर्ति और नकदी बरामद।
दिल्ली में ई-रिक्शा की संख्या पर लगेगी लगाम, सरकार ने 2.5 लाख की सीमा का प्रस्ताव रखा
हरियाणा से 1400 किलोमीटर दूर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर बॉलीवुड को हिला डाला, आखिर कौन है सोनीपत का रेहान ?