
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- महाराष्ट्र की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा संकेत देते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सहित राज्य की 29 नगर निगमों के चुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती और ताजा रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। मुंबई महानगरपालिका में भाजपा+ गठबंधन 120 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि इस बार बीएमसी की सत्ता पर महायुति का कब्जा हो सकता है। वहीं, पहली बार AIMIM ने भी बीएमसी में अपना खाता खोल लिया है, जिससे चुनावी समीकरण और रोचक हो गए हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी बधाई, कहा—जनता ने विकास को चुना
महायुति की बढ़त पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम से फोन पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सीएम फडणवीस ने कहा कि यह बढ़त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य सरकार के विकास कार्यों पर जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने संकेत दिए कि यह परिणाम आगामी राजनीति की दिशा तय करने वाले साबित हो सकते हैं।
भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया: जनता का भरोसा और मजबूत
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र की जनता और पार्टी समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीएमसी जैसे बड़े नगर निगम में भाजपा और उसके सहयोगियों का प्रदर्शन यह दिखाता है कि एनडीए और प्रधानमंत्री मोदी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। वहीं, राज्य के मंत्री आशीष शेलार ने इसे लोकतंत्र का उत्सव बताते हुए कहा कि मतदाताओं की भारी भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का संकेत है।
शहर दर शहर भाजपा गठबंधन की पकड़ मजबूत
मतगणना के रुझानों में पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम में भाजपा 80 से अधिक सीटों पर आगे है। नागपुर में भाजपा गठबंधन 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर और कल्याण-डोंबिवली जैसे प्रमुख शहरों में भी भाजपा या शिंदे गुट की शिवसेना आगे चल रही है। हालांकि नासिक में मुकाबला कांटे का बना हुआ है, जहां भाजपा, एनसीपी और शिवसेना (यूबीटी) के बीच कड़ी टक्कर दिख रही है।
बीएमसी में शुरुआती जीत, शिंदे गुट और भाजपा को मजबूती
मुंबई में शुरुआती नतीजों में भाजपा ने वॉर्ड नंबर 10 और 3 समेत दो सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, शिंदे गुट की शिवसेना की उम्मीदवार यामिनी जाधव ने वॉर्ड 209 से जीत हासिल कर पार्टी की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। अब तक 227 में से 150 से अधिक वार्डों के रुझान सामने आ चुके हैं, जिनमें भाजपा सबसे आगे चल रही है।
AIMIM की एंट्री, बदले समीकरण
बीएमसी चुनावों में AIMIM ने पहली बार जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। पार्टी की उम्मीदवार मेहजबीन की जीत को अल्पसंख्यक राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने दावा किया है कि मुंबई का अगला मेयर महायुति गठबंधन से होगा और वह मराठी भाषी होगा।
भाजपा मुख्यालय जाएंगे सीएम फडणवीस
बीएमसी और अन्य नगर निगम चुनावों के रुझानों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दोपहर 3:30 बजे भाजपा मुख्यालय का दौरा करेंगे। माना जा रहा है कि वहां आगे की राजनीतिक रणनीति और सत्ता गठन को लेकर अहम चर्चा हो सकती है।





More Stories
11 घंटे तक चला हाई-प्रोफाइल ड्रामा
8 लाख रुपये एडवांस, कलाकार की बुकिंग… सपना चौधरी का प्रोग्राम रद्द, पुलिस को भीड़ बेकाबू होने का डर
छह घंटे में सुलझी 30 लाख की ज्वेलरी चोरी, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
द्वारका में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री का भंडाफोड़, 106 ई-सिगरेट बरामद
दिल्ली में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई: 5 हजार क्वार्टर अवैध शराब बरामद, आरोपी हिरासत में
दिल्ली-NCR में अक्टूबर महीने में गर्मी ने छुड़ाए लोगों के पसीने, जानें आज कैसा रहेगा मौसम का हाल