कर्नाटक/अनीशा चौहान/- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने बेंगलुरु शहर की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाली कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने केएसआर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया और आरवी रोड (रागिगुड्डा) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा भी की।
तीन वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत
सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी ने केएसआर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। पहली ट्रेन बेंगलुरु से बेलगावी को जोड़ेगी, जिससे कर्नाटक के दो प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में कमी आएगी। दूसरी ट्रेन अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा को जोड़ेगी, जो धार्मिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी। तीसरी ट्रेन नागपुर (अजनी) से पुणे को जोड़ेगी, जिससे महाराष्ट्र के दो बड़े शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा।
बेंगलुरु मेट्रो येलो लाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो फेज-2 के तहत येलो लाइन का उद्घाटन किया। यह लाइन आरवी रोड (रागिगुड्डा) से बोम्मासंद्रा तक 19.15 किलोमीटर लंबी है और इसमें 16 स्टेशन हैं। इसे लगभग 7,160 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह मेट्रो लाइन बेंगलुरु के दक्षिणी हिस्सों, विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक सिटी जैसे व्यस्त IT कॉरिडोर और आवासीय इलाकों को जोड़ेगी। इस लाइन के शुरू होने के बाद बेंगलुरु मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 96 किलोमीटर हो गया है, जिससे रोजाना लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
मेट्रो फेज-3 की आधारशिला
इस अवसर पर पीएम मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो के तीसरे चरण (फेज-3) की आधारशिला भी रखी। 15,610 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में 44 किलोमीटर से अधिक लंबा एलिवेटेड ट्रैक और 31 स्टेशन शामिल होंगे। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और रिहायशी, औद्योगिक तथा शैक्षणिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।


More Stories
मेरठ पुलिस पर मनमानी का आरोप, थाने में वीडियोग्राफी पर FIR के निर्देश से बवाल
झज्जर में होली को लेकर सख्ती, पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दी शुभकामनाएं
गोल्ड-सिल्वर मार्केट में उथल-पुथल, 3 मार्च के ताजा दाम जारी
HARYANA NEWS: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, आपसी रंजिश में युवक की जान गई
“नो गन, नो गैंग”, द्वारका एएटीएस ने गैंग सहयोगी को अवैध हथियारों सहित दबोचा
शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की स्कूटी बरामद