हरियाणा/सिमरन/- पानीपत, 8 फरवरी को पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में थाना समालखा पुलिस ने ऑफिसर कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय अनिल की हत्या के मामले का शनिवार को खुलासा करते हुए उसकी पत्नी किरण और उसके मौसेरे भाई, पट्टीकल्याण निवासी सुधीर को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना समालखा प्रभारी सब-इंस्पेक्टर गुलशन ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अनिल की हत्या करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि सुधीर का अनिल के घर आना-जाना था। इसी दौरान किरण और सुधीर के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। दोनों अनिल को रास्ते से हटाकर साथ रहना चाहते थे।
3 फरवरी को अनिल के माता-पिता पानीपत में अपनी बेटी के घर गए हुए थे। इसका फायदा उठाकर किरण ने रात को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर अनिल को पिला दीं। जब अनिल गहरी नींद में सो गया, तो किरण ने सुधीर को व्हाट्सएप कॉल कर घर बुला लिया। सुधीर रात करीब 11 बजे अपनी स्विफ्ट कार से समालखा पहुंचा और घर से कुछ दूरी पर कार खड़ी कर पैदल घर पहुंचा।
किरण ने दरवाजा खोलकर उसे अंदर आने दिया। दोनों ने मिलकर अनिल की हत्या की योजना बनाई और शव को नहर में फेंकने का फैसला किया। योजना के तहत किरण ने अनिल के हाथ पकड़ लिए और सुधीर ने शॉल से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वे शव को ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहे थे, तभी बच्चों के जाग जाने पर किरण के कहने पर सुधीर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से किरण को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि सुधीर को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में प्रयुक्त कार बरामद करने और मामले में गहन पूछताछ करेगी।
मृतक के पिता लख्मी पुत्र शीशु राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अनिल पिछले चार वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ समालखा की ऑफिसर कॉलोनी में रह रहा था। उन्होंने बताया कि पिछले सात-आठ महीनों से अनिल और किरण के बीच विवाद चल रहा था। किरण का सुधीर से संपर्क था, जिसे लेकर परिवार ने कई बार समझाया और पंचायत भी की, लेकिन दोनों ने बात नहीं मानी।
करीब तीन महीने पहले किरण अपने मायके पानीपत चली गई थी। उस समय भी अनिल के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजनों के अनुसार, किरण और सुधीर अनिल से रंजिश रखते थे और उसे जान से मारने की धमकी भी दे चुके थे।
5 फरवरी को परिजनों को अनिल की मौत की सूचना मिली। घर पहुंचने पर अनिल का शव कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। उसके मुंह और नाक पर चोट के निशान थे।
पुलिस ने शीशु राम की शिकायत पर किरण और सुधीर के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी।


More Stories
महिला आरक्षण कानून को लेकर हलचल तेज, संसद में जल्द आ सकते हैं नए विधेयक
द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी,ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप
द्वारका में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 बाहरी अपराधी गिरफ्तार
भोजपुरी स्टार पर लगा आरोप: महिला आयोग ने लिया संज्ञान, जांच तेज
गैस बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव: अब अतिरिक्त सिलिंडर के लिए बताना होगा कारण
मथुरा हिंसा में बड़ा खुलासा: फायरिंग, पथराव और पुलिस कार्रवाई के बीच बढ़ा तनाव