नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- दिल्ली पुलिस के द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से बड़ी मात्रा में अवैध शराब लाकर दिल्ली में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से 36 पेटियों में भरी कुल 1800 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति रिट्ज कार को भी जब्त कर लिया गया है।
सीमा पर निगरानी के दौरान मिला इनपुट, जाल बिछाकर पकड़ा
द्वारका जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डीसीपी के निर्देश पर इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। टीम ने कई एंट्री पॉइंट्स पर ट्रैप लगाए और मुखबिरों को भी सक्रिय किया। तड़के पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में शराब लेकर कार से द्वारका इलाके में प्रवेश करने वाला है।
भागने की कोशिश नाकाम, कार से मिली भारी मात्रा में शराब
सूचना के आधार पर पुलिस ने कर्गिल चौक के पास घेराबंदी की। संदिग्ध सफेद रंग की मारुति रिट्ज कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और चालक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर कार से 36 कार्टन में पैक 1800 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई, जिस पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा’ अंकित था।
गुरुग्राम से लाकर दिल्ली में करता था सप्लाई
पूछताछ में आरोपी की पहचान धर्मेश्वर (37) के रूप में हुई, जो दिल्ली के बक्करवाला इलाके का रहने वाला है। उसने खुलासा किया कि वह गुरुग्राम से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में सप्लाई करता था और इससे मोटी कमाई करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले ड्राइवर का काम करता था, लेकिन जल्दी पैसे कमाने के लालच में तस्करी के धंधे में शामिल हो गया।
एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज, जांच जारी
बरामदगी के आधार पर सेक्टर-23 थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
द्वारका पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार पर बड़ा झटका माना जा रहा है।


More Stories
पश्चिम एशिया संकट की गूंज से दलाल स्ट्रीट में हड़कंप
पश्चिम एशिया में बढ़ा टकराव: भारत ने कनाडा से की चर्चा
अमित शाह ने तुष्टिकरण और कर्ज को लेकर राज्य सरकार पर साधा निशाना
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव पर प्रधानमंत्री की अपील
एक ही दिन चार शहरों में बीआरजी धावकों की दमदार मौजूदगी
दिल्ली में करण औजला के संगीत कार्यक्रम के दौरान हंगामा