
नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- पुंछ में वायुसेना के काफिले पर हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। जिसके तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली और जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में आतंकी संगठन लश्करे तय्यबा के टाप कमांडर बासित डार समेत तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। पुलिस ने बताया कि मारे गये आतंकवादियों में से एक के ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ का स्थानीय मोस्ट वांटेड कमांडर होने का संदेह है।

आतंकवादियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की जा सकी है। उसने बताया कि कुलगाम के रेडवानी पाईन गांव में सोमवार से जारी मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये। आतंकवादी कथित तौर पर एक घर के अंदर छिपे हुए थे।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान की ओर पहुंची, तभी वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कारर्वाई में गोलियां चलायीं।

उन्होंने बताया कि अंधेरा हो जाने के कारण रात में अभियान को रोक दिया गया। सुबह होते ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ अभियान फिर शुरू हुआ, जिसमें दो आतंकवादी मारे गये। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
कश्मीर जोन पुलिस ने एक्स पर कहा, ‘‘अब तक आतंकवाद विरोधी अभियान में मारे गये दो आतंकवादियों के शव बरामद किये गये हैं। पहचान और संबद्धता का पता लगाया जा रहा है।’’ कुलगाम में मुठभेड़ की यह घटना ऐसे समय हुई जब कश्मीर में आम चुनाव होने जा रहे हैं। श्रीनगर संसदीय सीट पर 13 मई को मतदान होगा, जबकि बारामूला और अनंतनाग-राजौरी सीट के लिए क्रमशः 20 और 25 मई को चुनाव होंगे।






More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने की २ महत्वपूर्ण घोषणाएं : तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी, पत्रकार पेंशन की राशि में भी होगी वृद्धि
ऋषिकेश में वाहन चोरी, 3 गिरफ्तार, पहले भी जा चुके हैं जेल
फर्जी नीली बत्ती, अस्सिटेन्ट कमाडेंट बनकर ठगी करने की फिराक में था बिजनौरी स्मित कुमार, दबोचा
दिवाली पर नोएडा में फायर विभाग अलर्ट, 30 संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात होंगी फायर बाइक और गाड़ियां
दिल्ली NCR में ठंड ने दी दस्तक, कई इलाकों में ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण
धनतेरस पर सोने-चांदी की चमक, हल्के वजन में भारी डिजाइन का क्रेज; ज्वेलर्स ने की खास तैयारी