मानसी शर्मा/- मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा को 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपी दिलीप चौधरी को मुंबई क्राइम ब्रांच ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना से गिरफ्तार कर लिया है।
दिलीप ने कपिल शर्मा को ईमेल के जरिए धमकी दी थी और खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया था। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि क्या दिलीप का वास्तव में इन गैंग्स से कोई संबंध है या यह सिर्फ डराने और पैसे ऐंठने की साजिश थी। आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
कनाडा में कैफे पर फायरिंग ने बढ़ाई चिंता
धमकी की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कपिल शर्मा पहले से ही गैंगस्टर टारगेट पर हैं। 7 अगस्त को उनके कनाडा के सरे स्थित ‘कैप्स कैफे’ पर दूसरी बार फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया गया कि कपिल को पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने गंभीरता नहीं दिखाई।
पहले फायरिंग की घटना जुलाई में हुई थी, जब बब्बर खालसा से जुड़े हरजीत सिंह ने कैफे पर 9 गोलियां चलाई थीं। उस समय दावा किया गया कि यह हमला कपिल के शो में निहंग सिखों की वेशभूषा पर की गई टिप्पणी के विरोध में किया गया था। गनीमत रही कि कैफे बंद था और कोई हताहत नहीं हुआ।
अब मुंबई में भी सतर्कता
क्राइम ब्रांच कपिल शर्मा से फिर से पूछताछ करेगी और जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या गैंग से जुड़े लोग मुंबई में उनके घर या शूटिंग लोकेशन की रेकी कर चुके हैं।


More Stories
महाराष्ट्र में सियासी तूफान: वायरल तस्वीरों के बाद महिला आयोग अध्यक्ष ने छोड़ा पद
पालम अग्निकांड पर सरकार सख्त: परिजनों को सहायता राशि देने का ऐलान
करोल बाग में दर्दनाक हादसा: डबल डेकर बस पलटने से दो की मौत, कई घायल
“असाध्य को साध्य बनाते श्री राम”
कथित तस्करी मामले में गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन बरी
13 साल की लंबी जंग का अंत: नम आंखों के बीच हरीश राणा को दी गई अंतिम विदाई