नई दिल्ली/सिमरन मोरया/- दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी इलाके में स्थित एक हनुमान मंदिर में हुई चोरी की पहेली को सुलझाते हुए 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपी के पास से मंदिर से चुराई गई प्राचीन मूर्तियां, पूजा की वस्तुएं और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांथिया ने मामले के सन्दर्भ में बताया कि बुराड़ी सरकारी अस्पताल पुलिस चौकी की टीम को तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से इतनी बड़ी कामयाबी मिली है।

सुबह जब मंदिर पहुंचे पुजारी, तो उड़ गए होश-
यह घटना 3 जून 2026 की है, जब बुराड़ी की कंडक्टर कॉलोनी में स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी नितिन भारद्वाज सुबह-सुबह पूजा करने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ था और भगवान की मूर्तियां, पीतल-तांबे के बर्तन और गदा गायब थे। पुजारी की शिकायत पर बुराड़ी थाने में ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से खुली आरोपी की पहचान-
उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांथिया के निर्देश और एसीपी शशिकांत गौर के मार्गदर्शन में एसएचओ गिरीश चंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर अमित, एएसआई सुधीर और हेड कांस्टेबल राहिश शामिल थे।
दीवार फांदकर घुसा चोर-
पुलिस टीम ने जब मंदिर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक संदिग्ध युवक मंदिर की दीवार फांदकर अंदर घुसता हुआ दिखाई दिया।
भागने का रूट ट्रैक किया-
चोर मंदिर से चोरी का सामान समेटकर फरार हो गया। आगे की फुटेज में वह शालीमार पैलेस के पास से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्वरूप नगर की तरफ भागता हुआ नजर आया।
पहचान और घेराबंदी-
पुलिस ने सीसीटीवी से आरोपी की साफ तस्वीर निकाली और अपने खुफिया नेटवर्क में शेयर की। जल्द ही उसकी पहचान रोहित (निवासी ब्राह्मण पाड़ा, बुराड़ी) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार था।
5 जून 2026 को पुलिस टीम को पुश्ता रोड के पास आरोपी की मूवमेंट की सटीक जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत खुफ़िया जाल बिछाया और रोहित को उस समय पुश्ता रोड से दबोच लिया, जब वह प्लास्टिक के कट्टे में चोरी का सामान लेकर उसे बेचने जहांगीरपुरी जा रहा था। जिस बाइक पर वह सवार था, जांच करने पर पता चला कि वह बाइक भी 5 मई 2026 को बुराड़ी इलाके से ही चोरी की गई थी।
पुलिस द्वारा बरामद किया गया सामान-
01 हनुमान जी की गदा
01 लड्डू गोपाल की मूर्ति
01 राधा-कृष्ण की मूर्ति
02 पीतल और 02 तांबे के लोटे (जल पात्र)
04 पीतल के दीपक और 01 पीतल की अंगूठी
01 चोरी की मोटरसाइकिल
नशे की लत पूरी करने के लिए बना चोर-
पूछताछ में आरोपी रोहित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि करीब 5 महीने पहले भी उसने इसी मंदिर में चोरी की कोशिश की थी, लेकिन तब वह नाकाम रहा था। उसे पता था कि मंदिर में कीमती सामान है, इसलिए उसने दोबारा रेकी की और रात के सन्नाटे में वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद उसने मूर्तियां स्वरूप नगर की एक खंडहर इमारत में छिपा दी थीं।
24 वर्षीय रोहित स्कूल ड्रॉपआउट है और गंभीर रूप से ड्रग्स का आदी है। नशे की लत को पूरा करने के लिए वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था, जिस पर उसके परिवार का भी कोई नियंत्रण नहीं था। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। वह साल 2024 में भी बुराड़ी थाने में दर्ज चोरी के एक मामले में शामिल रहा था। पुलिस ने अब इस मामले में कड़ी धाराएं जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


More Stories
वन महोत्सव के समापन पर स्व० कृष्ण लाल अरोड़ा की स्मृति में आरजेएस पीबीएच का 599 वां कार्यक्रम संपन्न
द्वारका पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालकर दबोचा शातिर चोर
सीबीपीएसी आयुर्वेद संस्थान में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
द्वारका पुलिस का बड़ा एक्शन, कुख्यात बदमाश दीपक उर्फ पोपला गिरफ्तार!
मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल को प्याज की खेती एवं कटाई उपरांत प्रबंधन में किया गया प्रशिक्षित
सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र झाड़ौदा में हुई मिशन, 70 लाख पौधारोपण अभियान की शुरूआत