
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिवकुमार यादव: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच छोटे बच्चों को राहत देने के लिए शिक्षा निदेशालय ने बड़ा फैसला लिया है. निदेशालय ने राजधानी के सभी स्कूलों में कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित करने का निर्देश जारी किया है. इसके तहत विद्यार्थी स्कूल जाकर ऑफलाइन पढ़ाई करने के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे. यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और अगले आदेश तक जारी रहेगी.
सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को निर्देशों का पालन करने को कहा गया है. इसके अलावा नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC), दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के अंतर्गत आने वाले स्कूलों को भी इस आदेश के दायरे में रखा गया है.
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी पढ़ाई
आदेश के मुताबिक, कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित करनी होंगी. बच्चों को स्कूल में शारीरिक रूप से उपस्थित होकर पढ़ाई करने के साथ ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने का विकल्प भी मिलेगा.
अभिभावकों को तुरंत जानकारी देने के निर्देश
शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे इस फैसले की जानकारी विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावकों तक तत्काल पहुंचाएं, जिससे वे अपने बच्चों की पढ़ाई के माध्यम को लेकर जरूरी व्यवस्था कर सकें. वहीं, जिला और जोन स्तर के शिक्षा अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र के स्कूलों का दौरा करने और आदेश का सही तरीके से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है.
GRAP-3 लागू होने के बाद लिया गया फैसला
दिल्ली में वायु प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को GRAP का तीसरा चरण लागू किया है. मौसम विभाग और IITM के पूर्वानुमान में आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता के गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका जताई गई थी. इसी के मद्देनजर प्रदूषण से बचाव के उपायों के तहत छोटे बच्चों की पढ़ाई के लिए हाइब्रिड व्यवस्था लागू की गई है.





More Stories
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में हुआ ‘दिल्ली की दिवाली-सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ कार्यक्रम का आयोजन
गाजियाबाद में कलयुगी बेटे ने रिश्ते को किया शर्मसार, धारदार हथियार से वार कर पिता को उतारा मौत के घाट
दीपावली पर दिल्ली में प्रदूषण का डबल अटैक: 23 इलाकों की AQI 400 पार, एनसीआर में बढ़ सकती है GRAP की पाबंदियां
महापंचायत का ऐलान, नजफगढ़ देहात में नहीं बनने देंगे कूड़े के पहाड़
मुख्यमंत्री धामी ने की २ महत्वपूर्ण घोषणाएं : तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी, पत्रकार पेंशन की राशि में भी होगी वृद्धि
ऋषिकेश में वाहन चोरी, 3 गिरफ्तार, पहले भी जा चुके हैं जेल