- दिल्ली में 8 नवंबर की सुबह कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 383 दर्ज
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/ ब्यूरो,: दीपावली का त्योहार जहां रोशनी व खुशियों का संदेश लेकर आया है, वहीं राजधानी दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लोगों के लिए प्रदूषण की चुनौती भी लगातार गंभीर होती जा रही है. दीपावली से ठीक एक दिन पहले यानी 7 नवंबर को दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में जमकर आतिशबाजी हुई. इसके बाद 8 नवंबर की सुबह भी कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई. मौसम में ठंडक व हवा में प्रदूषक तत्वों के फैलाव के लिए अनुकूल परिस्थितियों के बीच प्रदूषण का स्तर चिंता बढ़ा रहा है.
दिल्ली में लगातार बढ़ा प्रदूषण, 8 नवंबर को AQI 383
राजधानी दिल्ली में पिछले चार दिनों के एयर क्वालिटी इंडेक्स के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है. 5 नवंबर 2026 को दिल्ली का AQI 369 दर्ज किया गया था. 6 नवंबर को यह बढ़कर 382 पहुंच गया, जबकि 7 नवंबर को मामूली गिरावट के साथ 369 दर्ज किया गया. हालांकि, 8 नवंबर की सुबह एक बार फिर इसमें बढ़ोतरी हुई और दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 383 दर्ज किया गया.
यानी 7 नवंबर के मुकाबले 8 नवंबर को दिल्ली के AQI में 14 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई. हालांकि, ये स्तर अभी 400 के पार नहीं पहुंचा है, लेकिन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के निर्धारित मानकों के मुताबिक 301 से 400 के बीच AQI को बहुत खराब श्रेणी में रखा जाता है. ऐसे में दिल्ली के लोगों को फिलहाल साफ हवा में सांस लेने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है.
गाजियाबाद में चार दिन में 35 अंक बढ़ा AQI
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा है. यहां 5 नवंबर को AQI 263 दर्ज किया गया था. 6 नवंबर को इसमें मामूली गिरावट आई और यह 257 पर पहुंच गया. 7 नवंबर को AQI बढ़कर 277 दर्ज किया गया, जबकि 8 नवंबर को यह और बढ़कर 298 पहुंच गया. इस तरह 5 नवंबर के मुकाबले चार दिनों में गाजियाबाद के AQI में 35 अंकों की बढ़ोतरी हुई है. शहर की हवा खराब श्रेणी के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई है.
गुरुग्राम में 322, नोएडा में 319 व फरीदाबाद में 293 AQI
एनसीआर के दूसरे शहरों की बात करें तो गुरुग्राम में 8 नवंबर को एयर क्वालिटी इंडेक्स 322 दर्ज किया गया. यहां 5 नवंबर को AQI 331, 6 नवंबर को 368 और 7 नवंबर को 345 था. यानी पिछले दिन के मुकाबले गुरुग्राम में 23 अंकों की गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन हवा अभी भी बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है.नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा है. यहां 5 नवंबर को AQI 283, 6 नवंबर को 303 व 7 नवंबर को 297 दर्ज किया गया था. 8 नवंबर को यह बढ़कर 319 पहुंच गया. वहीं, फरीदाबाद में प्रदूषण के स्तर में लगातार तीन दिनों की बढ़ोतरी के बाद राहत देखने को मिली है. यहां 5 नवंबर को AQI 303, 6 नवंबर को 313 व 7 नवंबर को 336 दर्ज किया गया था, जबकि 8 नवंबर को यह घटकर 293 रह गया. इस तरह एनसीआर के पांच प्रमुख शहरों के आंकड़ों को देखें तो दिल्ली, गाजियाबाद व नोएडा में पिछले दिन के मुकाबले प्रदूषण बढ़ा है, जबकि गुरुग्राम व फरीदाबाद में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, गुरुग्राम व नोएडा की हवा अभी भी बहुत खराब श्रेणी में है.
दिल्ली के 23 इलाकों में AQI 400 पार, जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 450
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण की स्थिति और भी चिंताजनक है. 8 नवंबर की सुबह राजधानी के 23 इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार दर्ज किया गया. इन इलाकों में जहांगीरपुरी सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा, जहां AQI 450 दर्ज किया गया.
दिल्ली के इलाकों में प्रदूषण की स्थिति
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी तक पहुंच गई है. AQI का 401 से 500 के बीच होना गंभीर श्रेणी में आता है. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों व सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
दीपावली की आतिशबाजी बढ़ा सकती है प्रदूषण की चुनौती
दरअसल 7 नवंबर की शाम दीपावली की पूर्व संध्या पर दिल्ली-एनसीआर में जमकर आतिशबाजी की गई. दीपावली के दिन 8 नवंबर को भी पटाखे जलाए जाने की आशंका है. ऐसे में पहले से खराब चल रही हवा की गुणवत्ता और बिगड़ सकती है. आतिशबाजी से निकलने वाले धुएं व सूक्ष्म कणों के साथ मौसम में ठंडक तथा हवा की गति कम होने जैसी परिस्थितियां प्रदूषण की समस्या को और गंभीर बना सकती हैं.
अगर दीपावली के बाद प्रदूषण का स्तर और बढ़ता है तो वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चौथे चरण यानी GRAP-4 को लागू किया जा सकता है. इसके तहत दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की रोकथाम के लिए और सख्त पाबंदियां लगाई जा सकती हैं.
अब GRAP-4 की आशंका के बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि दीपावली के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा कितनी जहरीली होगी? अगर आतिशबाजी के कारण प्रदूषण में इजाफा होता है तो लोगों को और सख्त प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण व लोगों की सेहत का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है.
फिलहाल GRAP-3 लागू, वाहनों को लेकर ये हैं पाबंदियां और छूट
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल GRAP का तीसरा चरण लागू है. जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक इस चरण में वाहनों की आवाजाही को लेकर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं. इसका उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना है.
किन वाहनों को चलाने की अनुमति है?
1. दिल्ली में पंजीकृत पेट्रोल के BS-IV और उससे ऊपर के वाहन तथा डीजल के BS-VI वाहन चल सकते हैं.
2. इलेक्ट्रिक और CNG वाहनों को अनुमति है.
3. अंतरराज्यीय और शहरों के भीतर चलने वाली इलेक्ट्रिक, CNG व BS-VI डीजल बसें चल सकती हैं.
4. मालवाहक वाहनों में LCV, MCV और HCV श्रेणी के BS-VI, CNG और इलेक्ट्रिक वाहन वैध PUC प्रमाणपत्र के साथ चल सकते हैं.
5. एंबुलेंस, दमकल व पुलिस जैसे आपातकालीन सेवा वाहनों को छूट दी गई है.
किन वाहनों पर प्रतिबंध है?
1. दिल्ली में पंजीकृत BS-III व उससे नीचे के पेट्रोल वाहन तथा BS-VI से नीचे के डीजल वाहन प्रतिबंधित हैं.
2. दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-IV और उससे नीचे के पेट्रोल और डीजल वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकते हैं.
3. BS-IV और उससे पुराने अंतरराज्यीय तथा इंट्रा-सिटी डीजल बसों पर प्रतिबंध है.
4. BS-IV और उससे पुराने व्यावसायिक मालवाहक वाहनों को अनुमति नहीं है.
5. दिल्ली के लिए निर्धारित गंतव्य नहीं रखने वाले भारी ट्रकों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं है. उन्हें परिधीय एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जा सकता है.
6. वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) के बिना किसी भी वाहन को चलाने की अनुमति नहीं है.
More Stories
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में हुआ ‘दिल्ली की दिवाली-सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ कार्यक्रम का आयोजन
दिल्ली में पांचवीं तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी, सभी स्कूलों के लिए सरकार ने जारी किए आदेश
गाजियाबाद में कलयुगी बेटे ने रिश्ते को किया शर्मसार, धारदार हथियार से वार कर पिता को उतारा मौत के घाट
महापंचायत का ऐलान, नजफगढ़ देहात में नहीं बनने देंगे कूड़े के पहाड़
मुख्यमंत्री धामी ने की २ महत्वपूर्ण घोषणाएं : तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी, पत्रकार पेंशन की राशि में भी होगी वृद्धि
ऋषिकेश में वाहन चोरी, 3 गिरफ्तार, पहले भी जा चुके हैं जेल