नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- उत्तर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में होली के मौके पर खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार बुराड़ी थाना क्षेत्र की वशिष्ठ एन्क्लेव कॉलोनी में कई युवक रंग-गुलाल के साथ होली का उत्सव मना रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और फिर चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 20 वर्षीय नेपल राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नेपल राम मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और बुराड़ी इलाके में किराए के मकान में रहता था। घटना के समय वह अपने घर के पास दोस्तों के साथ होली खेल रहा था। झगड़े के दौरान उसे चाकू से कई वार किए गए। घायल हालत में उसे तुरंत बुराड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरे युवक की हालत भी गंभीर
इस झगड़े में पिंटू यादव नाम का एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जो उसी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। पिंटू की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बुराड़ी के सरकारी अस्पताल से दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही बुराड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद होली खेलने के दौरान हुई कहासुनी से शुरू हुआ था, हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं झगड़े के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं था।
पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी।


More Stories
मोनेस्ट्री मार्केट–लद्दाख बुद्ध विहार के बीच बनेगा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज
झरोदा माजरा इलाके से लापता महिला सकुशल बरामद, अपराध शाखा की बड़ी कामयाबी
मेरठ पुलिस पर मनमानी का आरोप, थाने में वीडियोग्राफी पर FIR के निर्देश से बवाल
झज्जर में होली को लेकर सख्ती, पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दी शुभकामनाएं
गोल्ड-सिल्वर मार्केट में उथल-पुथल, 3 मार्च के ताजा दाम जारी
HARYANA NEWS: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, आपसी रंजिश में युवक की जान गई