नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- कंझावला कांड में अंजलि की विसरा रिपोर्ट आ गई है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के मुताबिक जिस वक्त अंजलि हादसे का शिकार हुई थी उस समय वह शराब के नशे में थी। बता दें कि दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर और एक जनवरी की रात को कंझावला सड़क हादसे में अंजलि की मौत हो गई थी लेकिन अब इस मामले से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है।
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने अंजली की मौत के बाद हुए पोस्टमार्टम के बाद उसके विसरा को सुरक्षित रख लिया था। उस विसरा को बाद में जांच के लिए रोहिणी स्थित फोरेंसिक साइंस लैब को दिया गया था। लैब ने अंजलि की विसरा रिपोर्ट दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को 24 जनवरी को सौंप दी थी। उसी रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है कि हादसे के वक्त अंजली शराब के नशे में थी। हालांकि इस मामले में प्रमुख चश्मदीद रही अंजलि की दोस्त निधि ने पहले ही पुलिस के सामने इस मामले में बयान देकर बताया था कि वह और अंजली दोनों नए साल के पहले वाली रात को एक पार्टी में गए थे। जहां अंजलि ने शराब पी थी और वह हादसे के वक्त नशे में थी।

यह हादसा जब हुआ उसके बाद से कई बार पुलिस ने अपने बयान बदले। कई दिन तक तो पुलिस मामले में पांच आरोपियों के लिप्त होने की बात कहती रही, फिर बताया कि हादसे के वक्त कार में सिर्फ चार लोग थे। पांचवें शख्स को बाद में बुलाया गया था। इसी तरह हादसे के कई तथ्यों को लेकर पुलिस ने अपने बयान बदले। एक जनवरी को पुलिस ने बताया कि एक कार हादसा से हुआ है, जिसमें पांच लोग सवार थे। मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। धाराएं सड़क दुर्घटना की लगाई गईं। दूसरे दिन पुलिस ने 13 किमी तक घसीटने की बात कही और धाराएं सख्त कीं। इसमें गैर-इरादतन हत्या की धारा जोड़ी गई थी। तीसरे दिन पुलिस ने खुलासा किया कि हादसे के वक्त अंजलि की दोस्त निधि भी स्कूटी पर सवार थी। पूरे मामले की जांच के लिए विशेष पुलिस आयुक्त के निगरानी में कमेटी गठित की गई। चौथे दिन हादसे के दौरान पुलिसकर्मियों की लापरवाही की बात सामने आई। पांचवें दिन पलिस ने खुलासा किया कि मामले में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं। यही नहीं, कार चालक आरोपी दीपक नहीं, अमित है। छठवें दिन पुलिस ने फिर अपनी थ्योरी बदली और बताया कि कार में सिर्फ चार लोग सवार थे। कार चलाने वाले जिस पांचवें आरोपी की बात कही जा रही थी, वह उस वक्त अपने घर पर मौजूद था।


More Stories
दिल्ली में करण औजला के संगीत कार्यक्रम के दौरान हंगामा
प्रेरणा के प्रतीक राम जग सिंह का देहांत, शोक की लहर
आरोपों से राहत के बाद जंतर-मंतर पर शक्ति प्रदर्शन
महंगाई का तगड़ा झटका: एलपीजी और एटीएफ दोनों महंगे
होली 2026: सुख, शांति और समृद्धि के लिए इन सात स्थानों पर करें दीप प्रज्वलन
धुंआधार बल्लेबाज़ी से पाकिस्तान बाहर, पवन रत्नायक बने जीत के हीरो