नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/उत्तर प्रदेश/शिव कुमार यादव/दिनेश कुमार सिंह/- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही है। एआईएमआईएम ने यूपी में 100 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। ओवैसी ने ’एजेंडा आज तक’ कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि यूपी में 19 फीसदी से ज्यादा मुसलमान हैं, लेकिन आज तक उनका कोई सीएम नहीं बन पाया है। ओवैसी ने कहा कि कांग्रेस, एसपी और बीएसपी जैसी पार्टियों ने हमेशा मुसलमानों के वोट यूपी में लिए हैं और ओवैसी और मुसलमानों का नाम लेकर सब एक-दूसरे को डराते हैं और वोट बटोरने का काम करते हैं। लेकिन आज तक उनकी कोई लीडरशिप विकसित नहीं हो पाई है।
असदुद्दीन ओवैसी ने सपा सरकार में यादवों को महत्व मिलने और मुसलमानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। ओवैसी ने कहा, ’10 पर्सेंट यादव दो-दो बार सीएम बन गए। लेकिन 19 पर्सेंट से ज्यादा मुसलमान हैं, हमारा क्या होगा। क्या मुसलमान बैंड बाजे की पार्टी है कि किसी के लिए भी बाजा बजाएगा। मैं मुसलमानों से कह रहा हूं कि अपनी लीडरशिप तैयार करिए। आज य़ूपी में मुस्लिमों के वोट की कोई ताकत नहीं है। मैं चाहता हूं कि जिस तरह से हर समाज ने अपनी लीडरशिप ने बनाई है, उसी तरह हमें भी तैयार करना है। अब अखिलेश कह रहे हैं कि जाट को डिप्टी सीएम बना देंगे, लेकिन 19 पर्सेंट को क्यों नहीं बनाएंगे।’
ओवैसी ने कहा कि जाट, कुर्मी और यादव समेत सभी लोगों की लीडरशिप है, लेकिन मुस्लिमों की क्यों नहीं है। यह बड़ा सवाल है। हम इस सवाल का ही जवाब देने का काम कर रहे हैं। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम सबकी लैला बन चुके हैं। हमारा नाम लिए बिना इनके घरों में चिराग नहीं जलता है। यही नहीं कांग्रेस की लीडरशिप को लेकर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि इसके टुकड़े हो जाएंगे। राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता को लेकर सवाल पूछने पर ओवैसी ने कहा कि ये कौन हैं, हम उन्हें जानते ही नहीं। गौरतलब है कि ओवैसी ने यूपी में 100 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। उन्हें लेकर एसपी और कांग्रेस समेत कई दल कह चुके हैं कि ओवैसी बीजेपी की बी टीम हैं।


More Stories
बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज, कई नामों पर चल रही चर्चाएं
मोनेस्ट्री मार्केट–लद्दाख बुद्ध विहार के बीच बनेगा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज
झरोदा माजरा इलाके से लापता महिला सकुशल बरामद, अपराध शाखा की बड़ी कामयाबी
होली के जश्न में खूनखराबा, चाकूबाजी में 20 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर घायल
मेरठ पुलिस पर मनमानी का आरोप, थाने में वीडियोग्राफी पर FIR के निर्देश से बवाल
झज्जर में होली को लेकर सख्ती, पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दी शुभकामनाएं