बहादुरगढ़/कृष्ण गोपाल विद्यार्थी/- सार्थक सेवा समिति के तत्वावधान में स्थानीय दिल्ली अस्पताल के सभागार में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अस्पताल के निदेशक डॉ.श्रवण बंसल ने की व संचालन समिति से जुड़े युवा कार्यकर्ता प्रभात कपूर ने किया।बहादुरगढ़ नगर परिषद की अध्यक्षा सरोज बाला राठी के सानिध्य में हुए इस काव्योत्सव में पर्यावरणविद समाजसेवी वजीर सिंह दहिया व जिला संविधान प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि सत्येन्द्र दहिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

लगभग तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में जहाँ परिषद अध्यक्षा सरोज राठी ने नागरिकों के स्वास्थ्य और नगर के सौंदर्यीकरण में सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया वही इस अभियान में सभी को आगे आने का आह्वान किया। वजीर सिंह दहिया और सत्येन्द्र दहिया ने अपने संबोधन में पेड़ लगाने व मौलिक अधिकारों के साथ साथ कर्तव्यों के निर्वहन के प्रति भी सचेत रहने पर जोर दिया।
कवि सम्मेलन में दिल्ली की प्रख्यात कवयित्री डॉ.सीमा वत्स व क्षेत्र के कलमवीरों विरेंद्र कौशिक,अनिल भारतीय ’गुमनाम’ व कृष्ण गोपाल विद्यार्थी सहित समिति के अध्यक्ष नफे सिंह कपूर व सदस्या सुदेश संदूजा ने संविधान दिवस के अलावा जीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी रोचक कविताएं सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। इनके अलावा राजेश लखोटिया व प्रभात कपूर ने दो अन्य कवियों की रचनाएं सुनाकर तालियां बटोरीं। इस अवसर पर श्रीमती सरोज राठी ने भी एक मुक्तक सुनाकर अपने कॉलेज के दिनों की याद ताजा की। कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों को आकर्षक स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कवि सम्मेलन में प्रस्तुत रचनाओं की झलकियां…
हमको हिंदुस्तान की रक्षा करनी है,
भारत के संविधान की रक्षा करनी है।
उन्हें सियासत भेदभाव की भाती है,
हमको हर इंसान की रक्षा करनी है।
– कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
दिया है हक़ संविधान ने हमको,
पर जिम्मेदारी भी है,
गलती नहीं सिर्फ औरों की,
कुछ न कुछ म्हारी भी है।
-नफे सिंह कपूर
जिगर की पीर से लड़ना,
नयन के नीर से लड़ना।
हां….आता है मुझे,
रूठी हुई तकदीर से लड़ना।
-डॉ. सीमा वत्स
गर्भ में बेटी मारो मत ना, छोड़ो पाप कमाना।
धर्मराज के लगे कचहरी, पड़ेगा हिसाब चुकाना।
– विरेंद्र कौशिक
हरियाणा में कृष्ण दे गए,
जग को गीता ज्ञान,
बाबा साहेब ने हमको दे दिया,
प्यारा-सा संविधान।
-अनिल भारतीय “गुमनाम“


More Stories
सरकारी कंपनी का बड़ा तोहफा: 700% अंतरिम लाभांश का ऐलान
हरियाणा में 10वीं के छात्र की हत्या, ट्यूशन जाते समय चाकू से हमला
राहुल के भाषण पर सियासी संग्राम, सरकार ने प्रस्ताव से किया किनारा
धनवर्षा का झांसा बना मौत का जाल, तिहरे जहर कांड में स्वयंभू तांत्रिक गिरफ्तार
प्रयागराज में नाबालिग लड़कियों के अंडाणु बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश
भारत बंद 2026: नए कानूनों और व्यापार समझौतों के विरोध में देशभर में ताले बंद