नारायणबगड़/चमोली/अनीशा चौहान/- विकासखंड नारायणबगड़ के अंतर्गत गडसिर गाँव की एक महिला की सोमवार को घास लेने के दौरान गहरी खाई में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गाँव को शोक की लहर में डुबो दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी मनवीर सिंह अन्य ग्रामीण महिलाओं के साथ पटोरी के जंगल में घास काटने गई थीं। घास काटते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे संतुलन खो बैठीं और गहरी खाई में जा गिरीं। उनके साथ मौजूद महिलाओं ने तुरंत गाँव पहुँच कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीम राहत-बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची। टीम ने गहरी खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट भी घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा गया है। उपजिलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गडसिर गाँव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वन क्षेत्रों में जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएँ, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


More Stories
नजफगढ़ ड्रेन की सफाई में आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल शुरू
नरेला औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी घायल
भारती कॉलेज में युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ से जोड़ने का कार्यक्रम
23 मार्च को जंतर-मंतर पर अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों और परिवारों का धरना प्रस्तावित
नजफगढ़ MCD कार्यालय के बाहर सफाई कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन
नजफगढ़ मेट्रो: 1 मार्च से 16 मार्च 2026 तक की प्रमुख खबरें