इंदौर/अनीशा चौहान/- मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सोमवार, 15 सितंबर की शाम को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर इलाके में एक बेकाबू ट्रक ने तेज रफ्तार से कई वाहनों और राहगीरों को रौंद दिया। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। फिलहाल पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे हुई, जब एयरपोर्ट रोड पर यातायात का दबाव काफी ज्यादा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एयरपोर्ट की ओर से आ रहा एक लोडेड ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने कालानी नगर चौराहे से बड़ा गणपति मंदिर तक लगातार 10-15 वाहनों को टक्कर मार दी। इनमें ज्यादातर दोपहिया वाहन और पैदल यात्री शामिल थे।
एक बाइक को ट्रक ने कई मीटर तक घसीटा, जिससे उसमें आग लग गई। यह आग फैलते-फैलते पूरे ट्रक में भी लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। दमकल ने आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में मरने वालों में एक युवक भी शामिल है, जो ट्रक में फंसकर जिंदा जल गया।

नशे में था ट्रक ड्राइवर
पुलिस उपायुक्त कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर नशे में था और प्रतिबंधित इलाके में घुस गया। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल और ओवरलोडिंग की भी बात सामने आई है। हादसे का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि ट्रक ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश तक नहीं की और सीधे भीड़ में घुस गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख
इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया और तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने की घोषणा की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।


More Stories
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
13 साल की लंबी जंग के बाद हरीश राणा का निधन
महिला आरक्षण कानून को लेकर हलचल तेज, संसद में जल्द आ सकते हैं नए विधेयक
द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी,ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप
द्वारका में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 बाहरी अपराधी गिरफ्तार
भोजपुरी स्टार पर लगा आरोप: महिला आयोग ने लिया संज्ञान, जांच तेज