नई दिल्ली/द्वारका/उमा सक्सेना/- दिल्ली के द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ऐसे दो ठगों को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं को नकली नोटों की गड्डियाँ दिखाकर उनका आभूषण हड़प लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल और सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, नकली नोटों की एक भारी गड्डी और ठगे गए जेवरात भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाओं को नोटों का लालच देकर फ़र्जी करेंसी थमाते थे और उनका असली सोना लेकर फरार हो जाते थे।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई उस समय हुई जब स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि सुल्तानपुरी के रहने वाले दोनों आरोपी सेफेदा पार्क के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। तुरंत टीम ने जाल बिछाया और दोनों को मौके से दबोच लिया।
छानबीन में पता चला कि अनिल थाना सुल्तानपुरी का सक्रिय बदमाश (BC) है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट जैसे 18 से अधिक गंभीर केस दर्ज हैं। वहीं उसका साथी सूरज भी स्मैक का आदी पाया गया।
पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में फर्जी करेंसी दिखाकर ठगी के मामलों में इजाफा हुआ है, जिसे देखते हुए डीसीपी द्वारका ने विशेष टीम गठित की थी। इस गिरफ्तारी के बाद उत्तम नगर और मोहन गार्डन थाना क्षेत्र के तीन मामलों का खुलासा भी हो गया है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच कर रही है।


More Stories
डीएवी पब्लिक स्कूल के नन्हे-मुन्नों ने लिया रेन डांस का मजा
डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मदर्स डे पर की दिल छूने वाली गतिविधि
नजफगढ़ में ड्रग्स माफियाओं के अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा
द्वारका में चल रहा सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर
खेती व किसान के हित में दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला सराहनीय थान सिंह यादव
नाइट रनर दिल्ली 2026 में बीआरजी का दबदबा