ऋषिकेश/सिमरन मोरया/- उत्तराखंड के ऋषिकेश में महिला से चेन छीनने का प्रयास करने वाले जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों आरोपियों को मौके के पास ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को बैराज कॉलोनी निवासी रेखा त्यागी बैराज रोड पर दूध लेने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन छीनने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके गले पर खरोंच और चोटें आईं।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास मौजूद जागरूक नागरिकों ने दोनों आरोपियों का पीछा किया और उन्हें मोटरसाइकिल सहित आईडीपीएल गोल चक्कर के पास पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को आईडीपीएल पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (23 वर्ष) और विकास (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के खेल्लानी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पैसों के लालच में महिला से चेन छीनने का प्रयास और विरोध करने पर मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UK07TD-7037), वाहन की नंबर प्लेट छिपाने के लिए इस्तेमाल किया गया काला कपड़ा तथा आरोपी विकास के पास से पीले रंग की धातु की एक चेन भी बरामद की है।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।


More Stories
छात्रों की 26 मांगों को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन
दिल्ली में कृषि भूमि का सर्कल रेट बढ़ाने की मांग तेज
एसपी ऋषिकेश ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
अवैध नशा मुक्ति केंद्र बंद होने पर विधायक को धन्यवाद
कांवड़ यात्रा: 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे
क्रिकेट कोच की नियुक्ति पर सवाल!