नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अवैध हथियार दिखाता था और लाइक व व्यूज बढ़ाने के लिए खुद को खतरनाक छवि में पेश करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पकड़ा गया युवक सनी उर्फ सनी बाबा (22) है, जो हरियाणा के बहादुरगढ़ में रहकर बस सेवा में क्लीनर का काम करता है।
डीसीपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह, आईपीएस के निर्देश पर एंटी-बर्गलरी सेल को सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले लोगों पर नजर रखने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। इसके बाद इंस्पेक्टर विवेक मैंदोला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए संदिग्ध अकाउंट्स की निगरानी शुरू की। इसी दौरान ‘सनी बाबा’ नाम के प्रोफाइल पर हथियार के साथ वीडियो अपलोड होने की जानकारी मिली।
तकनीकी जांच के बाद बिछाया जाल
पुलिस टीम ने इंस्टाग्राम प्रोफाइल की तकनीकी जानकारी जुटाई और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। लगातार निगरानी के बाद बहादुरगढ़, छावला और आसपास के इलाकों में दबिश दी गई। आखिरकार एक मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हथियार के साथ गोयला गांव, छावला के पास आने वाला है। पुलिस ने मौके पर जाल बिछाया और उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।
रील के लिए खरीदा था अवैध हथियार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए हथियार के साथ वीडियो बनाता था। अपने गांव बिहार में एक परिचित की सलाह पर उसने अवैध हथियार लिया था, ताकि रील्स में ‘रौब’ दिखा सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


More Stories
द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी,ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप
द्वारका में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 बाहरी अपराधी गिरफ्तार
भोजपुरी स्टार पर लगा आरोप: महिला आयोग ने लिया संज्ञान, जांच तेज
गैस बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव: अब अतिरिक्त सिलिंडर के लिए बताना होगा कारण
मथुरा हिंसा में बड़ा खुलासा: फायरिंग, पथराव और पुलिस कार्रवाई के बीच बढ़ा तनाव
खीर सेरेमनी के साथ दिल्ली बजट सत्र की शुरुआत