नई दिल्ली/रायपुर/उमा सक्सेना/- रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में बिलासपुर प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आगामी शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव से कार्यक्रम की अध्यक्षता करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री साय ने इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार करते हुए पूरी कार्यकारिणी और विकास पैनल को चुनाव में मिली सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने 26 जनवरी 2026 को बिलासपुर आने की सहमति देते हुए अपने निज सचिव को कार्यक्रम दर्ज करने के निर्देश भी दिए।

प्रेस क्लब भवन नवीनीकरण के लिए 30.41 लाख की स्वीकृति
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बिलासपुर प्रेस क्लब की पूरी टीम ने एकजुट होकर चुनाव में मेहनत की, जिसका परिणाम एकतरफा जीत के रूप में सामने आया। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा प्रेस क्लब भवन के नवीनीकरण के लिए 30 लाख 41 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराया जाएगा और संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
सरकार–मीडिया संवाद को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मीय वातावरण में बातचीत करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और समाज में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रायपुर के बाद बिलासपुर प्रदेश का एक प्रमुख शहर है और यहां सरकार तथा मीडिया के बीच बेहतर संवाद और समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। हाल ही में बिलासपुर को लेकर हुई बैठकों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सकारात्मक भविष्य की बात कही।

नई कार्यकारिणी का विज़न: पारदर्शिता, सुविधा और गरिमा
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के सहयोग व स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी की प्राथमिकता प्रेस क्लब की गरिमा बनाए रखना, पत्रकारों की सुविधाओं का विस्तार करना और संस्था को सशक्त, पारदर्शी व सक्रिय मंच के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि भवन का नवीनीकरण पत्रकारों के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
वहीं, सचिव संदीप करिहार ने इसे पत्रकारों के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि प्रेस क्लब की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी का उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं का समाधान और संस्था की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। भविष्य में प्रशिक्षण कार्यक्रम, संवाद सत्र और सामाजिक सरोकार से जुड़े कई नवाचार किए जाएंगे।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार डॉ. पंकज कुमार झा, निज सचिव दीपक अंधारे, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी, पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार और प्रेस क्लब के सदस्य मौजूद रहे।


More Stories
मेरठ पुलिस पर मनमानी का आरोप, थाने में वीडियोग्राफी पर FIR के निर्देश से बवाल
झज्जर में होली को लेकर सख्ती, पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने दी शुभकामनाएं
गोल्ड-सिल्वर मार्केट में उथल-पुथल, 3 मार्च के ताजा दाम जारी
HARYANA NEWS: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, आपसी रंजिश में युवक की जान गई
“नो गन, नो गैंग”, द्वारका एएटीएस ने गैंग सहयोगी को अवैध हथियारों सहित दबोचा
शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की स्कूटी बरामद