नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सक्रिय एक शातिर अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की मजनू का टीला पुलिस चौकी की टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटों के भीतर चोरी की वारदात को सुलझा लिया और राजस्थान के श्रीगंगानगर से तीन आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 21 जनवरी को ओल्ड चंद्रावल निवासी रेलवे कर्मचारी धर्मबीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर बदमाशों ने कीमती गहने, करीब 75 हजार रुपये नकद और एलसीडी टीवी चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान एक अहम सुराग तब मिला जब पता चला कि चोरी से कुछ समय पहले यही संदिग्ध व्यक्ति किसी बहाने पुलिस चौकी पहुंचे थे। पहचान पत्र मांगने पर वे मौके से फरार हो गए, लेकिन एक मोबाइल नंबर वहीं छोड़ गए। तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम आरोपियों के ठिकाने तक पहुंची और उन्हें राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बब्बू, पवन और कमल उर्फ मन्नू के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी और नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में शामिल रहे हैं। उनकी निशानदेही पर जंगपुरा स्थित एक जौहरी से लगभग 763 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस जौहरी की भूमिका की भी जांच कर रही है और गिरोह के अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क की कड़ियां तलाशने में जुटी है।


More Stories
नजफगढ़ में मेजर सूबेदार जिले सिंह मार्ग एवं द्वार का उद्घाटन
6 अप्रैल—BJP के स्थापना दिवस पर संगठन की यात्रा और ‘विकसित भारत’ का संकल्प
नजफगढ़ में फुटपाथ गायब, सड़क पर चलने को मजबूर लोग
उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों के सुधार के लिए ₹461 करोड़ मंजूर
वरिष्ठ पत्रकार ध्रुव रौतेला को मिली अहम जिम्मेदारी
घी के तीन ब्रांड पर देशभर में सख्त रोक, मिलावट के आरोप में बड़ा एक्शन