नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भव्य रोड शो और विशाल जनसभा के जरिए कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। थंपानूर ओवरब्रिज से शुरू होकर पुथरिकंडम मैदान तक निकले इस रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद आयोजित रैली में प्रधानमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, साथ ही नई ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने खास तौर पर पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की और करीब एक लाख लाभार्थियों को ऋण सहायता वितरित की।
“विकसित भारत के लिए सभी का सहयोग जरूरी”
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के शहर इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे। केंद्र सरकार बीते एक दशक से शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में लगातार निवेश कर रही है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
गरीबों के लिए आवास और मूलभूत सुविधाओं पर फोकस
प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार का ध्यान विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से ज्यादा पक्के मकान बनाकर जरूरतमंदों को सौंपे गए हैं। इनमें से बड़ी संख्या शहरी गरीबों की है। केरल में भी हजारों परिवारों को अपना घर मिला है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों का बिजली बिल कम करने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना चलाई जा रही है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाओं और माताओं की सेहत के लिए भी विशेष योजनाएं लागू की गई हैं।
मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को राहत
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कर व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त करने के फैसले से मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिली है। इससे केरल समेत पूरे देश के लाखों परिवारों को आर्थिक फायदा हुआ है।
बैंकिंग से जुड़ रहे गरीब तबके
उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में करोड़ों लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। अब एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाएं और मछुआरे जैसे वर्ग भी आसानी से लोन प्राप्त कर पा रहे हैं। जिनके पास पहले गारंटर नहीं होता था, उनके लिए सरकार खुद गारंटर की भूमिका निभा रही है।
रेहड़ी-पटरी वालों को मिला बड़ा सहारा: स्वनिधि क्रेडिट कार्ड
प्रधानमंत्री ने खासतौर पर सड़क किनारे सामान बेचने वाले छोटे कारोबारियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इन लोगों को बैंक से लोन मिलना बेहद मुश्किल था। पीएम स्वनिधि योजना ने उनकी जिंदगी बदल दी है। अब सरकार एक कदम आगे बढ़ते हुए उन्हें क्रेडिट कार्ड सुविधा भी दे रही है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर आसानी से वित्तीय मदद ले सकें। तिरुवनंतपुरम में भी हजारों लाभार्थियों को स्वनिधि क्रेडिट कार्ड सौंपे गए।
उन्होंने कहा, “पहले क्रेडिट कार्ड सिर्फ बड़े लोगों के पास होते थे, अब रेहड़ी-पटरी वालों के पास भी यह सुविधा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।”
तिरुवनंतपुरम की यह रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास योजनाओं के जरिए आम लोगों तक सीधी मदद पहुंचाने का संदेश भी रही। प्रधानमंत्री ने साफ किया कि सरकार का फोकस गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों को सशक्त बनाकर देश को विकसित बनाने पर है।


More Stories
महाराष्ट्र में सियासी तूफान: वायरल तस्वीरों के बाद महिला आयोग अध्यक्ष ने छोड़ा पद
पालम अग्निकांड पर सरकार सख्त: परिजनों को सहायता राशि देने का ऐलान
करोल बाग में दर्दनाक हादसा: डबल डेकर बस पलटने से दो की मौत, कई घायल
“असाध्य को साध्य बनाते श्री राम”
कथित तस्करी मामले में गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन बरी
13 साल की लंबी जंग का अंत: नम आंखों के बीच हरीश राणा को दी गई अंतिम विदाई