नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/मानसी शर्मा/-राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा के प्रति गर्मजोशी दिखा रहे आदमपुर के कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने रविवार को दिल्ली आकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि बिश्नोई जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
आदमपुर के विधायक बिश्नोई ने दिल्ली में भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद उनकी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने पिछले महीने हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई को पिछले महीने कांग्रेस ने पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया था। उसके बाद से ही भाजपा से उनकी नजदीकियां बढ़ती जा रही हैं।
बिश्नोई ने अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीरें भी हटा दी हैं। बिश्नोई ने उनकी जगह अपने पिता एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजन लाल के साथ तस्वीरें लगा दी हैं।
चार बार के विधायक और दो बार के सांसद कुलदीप बिश्नोई हरियाणा में कांग्रेस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए उनकी उपेक्षा किए जाने के बाद से ही नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाने वाले उदय भान को हरियाणा इकाई का प्रमुख नियुक्त किया था।
कुलदीप बिश्नोई ने भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ’’श्री अमित शाह जी से मिलना एक वास्तविक सम्मान और खुशी की बात थी। एक सच्चे राजनेता, मैंने उनके साथ बातचीत में उनकी आभा और करिश्मा को महसूस किया। भारत के लिए उनका दृष्टिकोण विस्मयकारी है।’’
बिश्नोई ने नड्डा से मुलाकात को बेहद गौरव वाला क्षण करार देते हुए एक अन्य ट्वीट में कहा, ’’मैं श्री जे पी नड्डा जी से मिलकर अत्यंत गौरवान्वित हुआ। उनका सहज और विनम्र स्वभाव उन्हें औरों से मीलों अलग दिखाता है। उनकी सक्षम अध्यक्षता में भाजपा ने अभूतपूर्व ऊंचाइयों को देखा है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’
बता दें कि क्रॉस वोटिंग के बाद बिश्नोई ने पिछले महीने कहा था कि वह अपने अगले कदम पर फैसला करने के लिए अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वह भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं? तब बिश्नोई ने कहा था कि उनका अगला कदम हरियाणा और उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के हित में होगा।
कांग्रेस, जो हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल है, को 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर एक राज्यसभा सीट मिलने का अनुमान था। हालांकि, बिश्नोई द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन अपनी सीट बचा पाने में विफल रहे, जबकि एक विधायक का वोट अवैध घोषित कर दिया गया था। भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुने गए।


More Stories
पश्चिम एशिया संकट की गूंज से दलाल स्ट्रीट में हड़कंप
पश्चिम एशिया में बढ़ा टकराव: भारत ने कनाडा से की चर्चा
अमित शाह ने तुष्टिकरण और कर्ज को लेकर राज्य सरकार पर साधा निशाना
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव पर प्रधानमंत्री की अपील
एक ही दिन चार शहरों में बीआरजी धावकों की दमदार मौजूदगी
दिल्ली में करण औजला के संगीत कार्यक्रम के दौरान हंगामा