एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या, सुसाइड नोट में आरोप

स्वामी,मुद्रक एवं प्रमुख संपादक

शिव कुमार यादव

वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी

संपादक

भावना शर्मा

पत्रकार एवं समाजसेवी

प्रबन्धक

Birendra Kumar

बिरेन्द्र कुमार

सामाजिक कार्यकर्ता एवं आईटी प्रबंधक

Categories

October 2026
MTWTFSS
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031 
October 21, 2026

हर ख़बर पर हमारी पकड़

एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या, सुसाइड नोट में आरोप

चंडीगढ़/उमा सक्सेना/-    चंडीगढ़ के सेक्टर-11 से मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपने घर के बेसमेंट में बने मूवी थिएटर में पीएसओ की सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारी।

आठ पेज का सुसाइड नोट और एक दिन पहले लिखी वसीयत बरामद
पुलिस को मौके से अंग्रेजी में लिखा आठ पेज का सुसाइड नोट और एक पेज की वसीयत मिली है। बताया जा रहा है कि वसीयत उन्होंने एक दिन पहले ही तैयार की थी। इसमें उन्होंने अपनी समूची संपत्ति पत्नी के नाम करने की बात लिखी है। सुसाइड नोट में सात से आठ आईपीएस और दो आईएएस अधिकारियों का उल्लेख करते हुए उन पर मानसिक दबाव और परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं।

पूर्व डीजीपी पर सबसे गंभीर आरोप, जातिवाद और भेदभाव की बातें भी सामने आईं
सूत्रों के मुताबिक, सुसाइड नोट में सबसे गंभीर आरोप पूर्व डीजीपी पर लगाए गए हैं। नोट में उन्होंने प्रशासनिक भेदभाव, जातिवाद, पोस्टिंग में मनमानी, एसीआर (Annual Confidential Report) में गड़बड़ी और सरकारी आवास न मिलने जैसी शिकायतों का ज़िक्र किया है। अधिकारी ने लिखा कि लगातार हो रहे उत्पीड़न और अन्याय से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया है।

एक दिन पहले रिश्वत प्रकरण में सुरक्षाकर्मी की गिरफ्तारी
इस घटना से एक दिन पहले ही वाई पूरण कुमार के सुरक्षाकर्मी हेड कांस्टेबल सुशील कुमार को गिरफ्तार किया गया था। रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में शराब ठेकेदार प्रवीण बंसल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई थी। शिकायत में सुशील पर ₹2.5 लाख महीना रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। पुलिस ने ऑडियो क्लिप के आधार पर कार्रवाई की और सुशील को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पूछताछ के दौरान सुशील ने अपने वरिष्ठ अधिकारी वाई पूरण कुमार का नाम लिया था। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में पूरण कुमार को कोई नोटिस जारी नहीं किया गया था।

बेटी ने देखा पिता का शव, विधायक मामा को दी सूचना
दोपहर करीब 1:30 बजे सबसे पहले उनकी 17 वर्षीय छोटी बेटी ने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में देखा। वह सुबह अपनी दोस्त के घर नाश्ता करने गई थी। लौटने पर जब उसने पिता को मूवी रूम में देखा तो तुरंत अपने मामा, जो पंजाब में विधायक हैं, को फोन किया। मामा ने पुलिस को सूचना दी।

पत्नी जापान दौरे पर, पोस्टमार्टम बुधवार को
वाई पूरण कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार, जो आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल नागरिक उड्डयन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत हैं, इस समय मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ जापान दौरे पर हैं। उनके बुधवार सुबह तक भारत लौटने की संभावना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और पोस्टमार्टम उनके लौटने के बाद मेडिकल बोर्ड की देखरेख में कराया जाएगा।

घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के समय घर पर केवल नौकर मौजूद थे। पुलिस को मौके से एक गोली का खोल मिला है। बताया गया कि गोली सिर की कनपटी से आर-पार निकल गई थी। पुलिस को मृतक अधिकारी का लैपटॉप नहीं मिला, जबकि एक लैपटॉप बेटी के कमरे से बरामद हुआ है। मौके पर फॉरेंसिक टीम, सीएफएसएल, सेक्टर-11 थाना पुलिस और कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।

पांच साल से निजी सुरक्षा कर्मी के साथ थे पूरण कुमार
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार हेड कांस्टेबल सुशील कुमार की तैनाती नारनौल में थी, लेकिन पिछले पांच वर्षों से वह वाई पूरण कुमार के साथ ही रह रहा था। रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि पहले भी सुशील ने कई बार शराब ठेकेदारों से वसूली की थी, लेकिन इस बार सबूतों के साथ मामला सामने आ गया। फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।

चार दिन से थे छुट्टी पर, ड्यूटी जॉइन करने से पहले उठाया यह कदम
एक अक्टूबर को उन्होंने सुनारिया पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में आईजी का कार्यभार संभाला था। इसके बाद चार दिन की छुट्टी पर चले गए थे। मंगलवार को उन्हें ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन उसी दिन उन्होंने आत्महत्या कर ली।

बेटी से की गई काउंसलिंग, बयान फिलहाल टले
घटना के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने बेटी को काउंसलिंग के लिए बुलाया। हालांकि, वह सदमे में थी और कोई बयान नहीं दे सकी। उसने कहा कि मां के लौटने के बाद ही वह कुछ बताएगी।

जांच के घेरे में कई वरिष्ठ अधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बरामद सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और उसमें लिखे आरोपों की जांच विशेषज्ञों की मदद से की जाएगी। फिलहाल, इस पूरे मामले ने हरियाणा पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है।

About Post Author

आपने शायद इसे नहीं पढ़ा

Subscribe to get news in your inbox