
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- राजधानी में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि यह गिरोह एक्सपायर्ड खाद्य और पेय पदार्थों पर नई तारीख छापकर उन्हें बाजार में दोबारा बेच रहा था। इस खतरनाक खेल के जरिए लोगों की सेहत के साथ गंभीर जोखिम पैदा किया जा रहा था।
छापेमारी में भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जहां से विभिन्न नामी कंपनियों के बड़ी मात्रा में खाद्य उत्पाद और पेय पदार्थ बरामद किए गए। जांच में पाया गया कि इन उत्पादों की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी, लेकिन आरोपियों ने उन पर नई मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट छापकर उन्हें ताजा बताकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
प्रिंटिंग मशीनें और उपकरण भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तारीख बदलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रिंटिंग मशीनें, पैकेजिंग सामग्री और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों की निगरानी में चला ऑपरेशन
यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर अक्षय गहलौत के नेतृत्व में, एसीपी राजपाल डाबस के मार्गदर्शन और डीसीपी हर्ष इंदौरा की निगरानी में अंजाम दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस ऑपरेशन से नकली खाद्य पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है और आगे भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी खाद्य उत्पाद को खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट और पैकेजिंग की अच्छी तरह जांच करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।





More Stories
मेरी नीतियों के केंद्र में युवा ही हैं, मजबूत भारत के निर्माण में वे अहम: चिन्मय अमृत महोत्सव में बोले पीएम मोदी
ऋषिकेश में राज्य आन्दोलनकारियों की चेतावनी, 9 नवंबर के बाद अब राज्य में यूथ ब्रिगेड के साथ जिलेवार जन आंदोलन होगा
दुर्गापूजा महोत्सव पर्व पर सुल्तानपुर में अंकुरण के निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ
मुकदमे से बच रहा घोषित अपराधी गिरफ्तार, द्वारका पुलिस की टीम ने नांगलोई से दबोचा
यमुना के बहाने सियासी घमासान: अमित शाह का ऐलान- ‘अगले 30 साल तक नहीं आने वाली विपक्ष की सरकार’
CM धामी ने किया गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकभाषाओं के वॉइस कलेक्शन पोर्टल का शुभारंभ