
नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- लखनऊ के खंदारी बाजार क्षेत्र में रहने वाली डॉ. शाहीन के आतंकवादी कनेक्शन मामले ने स्थानीय मोहल्ले और शिक्षा संस्थानों में हलचल मचा दी है। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि डॉ. शाहीन लालबाग गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा रही हो सकती हैं। इस बात की पुष्टि के लिए कॉलेज के पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
कॉलेज परिसर में चर्चा का केंद्र बनीं शाहीन
इस मामले की जानकारी सार्वजनिक होते ही बुधवार को कॉलेज परिसर में छात्राओं और शिक्षिकाओं में चर्चाओं का सिलसिला चला। स्थानीय लोगों के अनुसार, डॉ. शाहीन का घर महज 50 मीटर दूर है और अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्होंने 1995 से 1997 तक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट यहीं से पूरा किया होगा। हालांकि, कॉलेज में उपलब्ध सालाना मेधावी छात्रों के रिकॉर्ड में उनका नाम नहीं है। कॉलेज की प्रधानाचार्य एन. श्रीवास्तव ने कहा कि यदि शाहीन की पढ़ाई यहीं हुई हो, तो वह लगभग 25–30 वर्ष पहले की बात होगी।
परिवार और मोहल्ले में सन्नाटा
खंदारी बाजार में डॉ. शाहीन के पिता सईद अंसारी के घर के बाहर बुधवार को भी लोगों की भारी भीड़ लगी रही। परिवार ने अंदर से ताला बंद कर दिया था और किसी अजनबी को घर में जाने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बीच कैसरबाग थाने की पुलिस भी दिन भर आने-जाने में लगी रही।
छोटे भाई शोएब से पूछताछ
डॉ. शाहीन और डॉ. परवेज की गिरफ्तारी के बाद उनके छोटे भाई शोएब ने पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि एटीएस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और शाहीन व परवेज के संपर्कों के बारे में जानकारी ली। शोएब ने कहा कि उनका मोबाइल फोन उनके पास है और किसी हार्ड डिस्क के जब्त होने की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने बताया कि जांच टीम ने केवल सामान्य पूछताछ की और उन्होंने सभी सवालों का जवाब दिया।
मोहल्ले की प्रतिक्रिया
मोहल्ले की मस्जिद के मुतव्वली ने भी इस मामले को लेकर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि सईद और परवेज हमेशा शांत रहते थे और अपने कामकाज में व्यस्त रहते थे। उनके अनुसार, बच्चों द्वारा ऐसी घटनाओं में शामिल होने की किसी को उम्मीद नहीं थी।





More Stories
मांडोठी गोलीकांड: 24 घंटे में पति-पत्नी गिरफ्तार, रिवॉल्वर, डोगा गन और 15 कारतूस बरामद
शादीशुदा महिलाओं के 500 ग्राम सोने पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा स्पष्टीकरण, स्रोत बताने से नहीं मिलेगी छूट
कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप में मोहित यादव ने जीता कांस्य पदक, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का गौरव
प्रधानमंत्री ने दिवाली पर की अर्धसैनिक बलों की वीरता की सराहना, लेकिन पुरानी पेंशन बहाली पर साधी चुप्पी :
ठगी और चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस
महिला से जुड़े अपराध के मामले में फरार चल रहा घोषित अपराधी गिरफ्तार, द्वारका पुलिस को मिली सफलता