अयोध्या/उमा सक्सेना/- अयोध्या की पवित्र नगरी में इस वर्ष की भव्य रामलीला का शुभारंभ हो चुका है। सितारों से सजी इस रामलीला में अलग-अलग कलाकार भगवान राम, माता सीता और भगवान परशुराम की भूमिका निभाते हुए नज़र आ रहे हैं। मंच पर प्रस्तुत किए जा रहे इन पौराणिक पात्रों के जरिए न केवल मनोरंजन हो रहा है, बल्कि दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभव भी मिल रहा है।
मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा बनीं माता सीता
मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीत चुकीं मनिका विश्वकर्मा इस रामलीला में माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बेहद खास पल है, क्योंकि उन्होंने पहली बार अभिनय किया और वह भी इतने प्रतिष्ठित मंच पर। मनिका ने बताया कि भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या आना अपने आप में अद्भुत अनुभव है। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगी और इस अवसर को जीवनभर याद रखेंगी।

पुनीत इस्सर निभा रहे भगवान परशुराम का किरदार
फिल्म और टीवी जगत के जाने-माने अभिनेता पुनीत इस्सर ने भगवान परशुराम की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भगवान का आशीर्वाद है कि उन्हें यह किरदार निभाने का मौका मिला। पुनीत का मानना है कि इस भूमिका के माध्यम से वे सनातन धर्म की सेवा में अपना छोटा सा योगदान दे पा रहे हैं।

भगवान राम बने अभिनेता राहुल भूचर
रामलीला में भगवान राम का किरदार निभा रहे अभिनेता राहुल भूचर ने बताया कि यह एक बेहद भावुक अनुभव है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया के लगभग 18 से 20 करोड़ लोग अपने घरों से टेलीविजन पर रामलीला देख रहे होंगे। राहुल ने मनिका विश्वकर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने आज अपनी शुरुआत एक ऐतिहासिक मंच से की है। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि सभी को अयोध्या में भगवान राम का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए।

रामलीला बना श्रद्धा और भक्ति का संगम
अयोध्या की रामलीला केवल नाटक भर नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का महोत्सव है। सितारों के शानदार अभिनय ने इसे और भव्य बना दिया है। लाखों दर्शक मंच से लेकर टीवी स्क्रीन तक इस रामलीला का हिस्सा बनकर धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव ले रहे हैं।


More Stories
पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में नई समिति के चयन की तैयारी
देश-विदेश के वैज्ञानिक और शिक्षाविद करेंगे गणित
लंबे समय से फरार घोषित अपराधी को क्राइम ब्रांच ने दबोचा
अवैध हथियार और चोरी की स्कूटी के साथ आरोपी गिरफ्तार
होली के दिन पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदला
सेमीफाइनल में संजू सैमसन का तूफानी प्रदर्शन