रुड़की/अनीशा चौहान/- हरिद्वार जनपद के रुड़की शहर में गुरुवार को एक अनोखा और हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यह घटना रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरानी कचहरी के पास हुई, जब एक महिला ने बीच सड़क पर अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी पर चप्पलों की बौछार कर दी। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना के दौरान महिला अपनी बेटी के साथ मौजूद युवक को चप्पलों से पीटती रही, जबकि युवती उसे बचाने की कोशिश करती रही। पुलिस को सूचना मिलने पर सीपीयू जवान मौके पर पहुंचे और तीनों को सीओ कार्यालय ले जाया गया। बाद में उन्हें कोतवाली भेजा गया।
पूछताछ में जो तथ्य सामने आए, वह और भी चौंकाने वाले थे। दरअसल, युवक के साथ मौजूद युवती, कोई और नहीं बल्कि उस महिला की बेटी निकली जिसने युवक पर हमला किया था। महिला ने बताया कि उसकी बेटी की शादी चार साल पहले हो चुकी है और उसका पति विदेश में कार्यरत है। बेटी फिलहाल अपनी मां के घर पर रह रही थी।
महिला का आरोप है कि युवक बुधवार रात उसकी बेटी से मिलने आया था और जब उसने विरोध किया तो युवक ने उसके साथ मारपीट की। गुरुवार सुबह युवक फिर से युवती को घर से बाहर ले गया, जिसके बाद महिला शिकायत लेकर महिला कोतवाली और फिर तहरीर देने कचहरी पहुंची, जहां उसे प्रेमी जोड़ा मिल गया और उसने वहीं हमला कर दिया।
वहीं युवक और युवती का दावा है कि उन्होंने सात माह पहले कोर्ट मैरिज की थी और अब साथ रहना चाहते हैं। युवती अपनी शादीशुदा ज़िंदगी से नाखुश है और नए रिश्ते को अपनाने के पक्ष में है।
सीओ रुड़की नरेंद्र पंत ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद का है। दोनों पक्षों को कोतवाली भेजा गया है और यदि तहरीर दी जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
नजफगढ़ मेट्रो: 1 मार्च से 16 मार्च 2026 तक की प्रमुख खबरें
इंस्टाग्राम पर हथियार दिखाकर रील बनाने वाला युवक हिरासत
36 घंटे की घेराबंदी के बाद शातिर झपटमार गिरफ्तार
झुग्गी बस्ती में भीषण आग, दिल्ली पुलिस और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
द्वारका में स्पेशल स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, फरार घोषित अपराधी योगेश उर्फ टिल्लू गिरफ्तार
द्वारका में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, कार से 1500 क्वार्टर बरामद