
इंदौर/अनीशा चौहान/- मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सोमवार, 15 सितंबर की शाम को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एयरपोर्ट रोड स्थित शिक्षक नगर इलाके में एक बेकाबू ट्रक ने तेज रफ्तार से कई वाहनों और राहगीरों को रौंद दिया। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। फिलहाल पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे हुई, जब एयरपोर्ट रोड पर यातायात का दबाव काफी ज्यादा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एयरपोर्ट की ओर से आ रहा एक लोडेड ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने कालानी नगर चौराहे से बड़ा गणपति मंदिर तक लगातार 10-15 वाहनों को टक्कर मार दी। इनमें ज्यादातर दोपहिया वाहन और पैदल यात्री शामिल थे।
एक बाइक को ट्रक ने कई मीटर तक घसीटा, जिससे उसमें आग लग गई। यह आग फैलते-फैलते पूरे ट्रक में भी लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। दमकल ने आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में मरने वालों में एक युवक भी शामिल है, जो ट्रक में फंसकर जिंदा जल गया।

नशे में था ट्रक ड्राइवर
पुलिस उपायुक्त कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर नशे में था और प्रतिबंधित इलाके में घुस गया। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल और ओवरलोडिंग की भी बात सामने आई है। हादसे का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि ट्रक ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश तक नहीं की और सीधे भीड़ में घुस गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख
इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया और तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने की घोषणा की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।





More Stories
जेसीबी मशीन हेतु लोन दिलाने के नाम पर वादिनी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले हल्द्वानी निवासी अभियुक्त को किया गिरफ्तार
नाबालिक से रेप मामले में ABVP अध्यक्ष पद प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट समेत ४ गिरफ्तार
डाबड़ी पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को दबोचा, iPhone 16 Plus और Samsung A55 बरामद
द्वारका पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी की यामाहा R15 बाइक बरामद
नॉर्थ जिला पुलिस का बड़ा एक्शन: स्नैचिंग और चोरी के 5 मामले सुलझे, पांच आरोपी गिरफ्तार
दहेज उत्पीड़न मामले में फरार घोषित आरोपी गिरफ्तार, द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई