मानसी शर्मा /- प्रसिद्ध जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रशासन ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जेएनयू ने छात्रों के लिए आदेश जारी किया है कि परिसर के 100 मीटर के दायरे में धरना देने और दीवार पर पोस्टर लगाने पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और अगर मामला गंभीर होता है तो यूनिवर्सिटी से छात्र को निष्कासित किया जा सकता है। इसके साथ ही जेएनयू ने बताया कि किसी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए छात्र को 10 हजार तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
जेएनयू का ये आदेश यूनिवर्सिटी के अलग अलग स्कूलों के अकादमिक भवन पर लागू होगा। जेएनयू के नए नियम के दायरे में कक्षाओं, प्रयोगशालाओं के अलावा अध्यक्षों, डीन और अन्य जरूरी पदाधिकारियों के कार्यालय भी शामिल हैं। हिंसा और झड़प पर रोक लगाने के लिए जेएनयू प्रशासन ने ये फैसला लिया है। अगर कोई छात्र भूख हड़ताल, धरना प्रदर्शन जैसी गतिविधियों में शामिल होता है तो उस पर 20,000 रुपए के जुर्माने के साथ दो महीने के लिए छात्रावास से निकाल दिया जाएगा।
वहीं अगर किसी छात्र पर पांच या उससे ज्यादा बार जुर्माना लगाया जा चुका है तो उसे अध्ययन की अवधि के लिए JNU से निकाल दिया जाएगा। यही नहीं जबरदस्ती घेराव, धरना या यूनिवर्सिटी के कामकाज को बाधित करने या हिंसा भड़काने वाले कार्य में लिप्त पाए जाने वाले छात्रों को भी सजा मिलेगी।
अगर कोई छात्र प्रतिबंधित कार्यों में दोषी पाया जाता है तो उसे अगले सेमेस्टर के लिए रजिस्ट्रेशन की भी इजाजत नहीं मिलेगी। दूसरी तरफ प्रशासन की तरफ से जारी आदेश का जेएनयू छात्र संघ ने विरोध किया है। छात्र संघ ने नेताओं का कहना है कि ये आदेश परिसर में असहमति को दबाने का प्रयास है। जेएनयू से इसे वापस लेने की मांग की है।


More Stories
दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
सोना-चांदी में जोरदार उछाल, निवेशकों का रुझान फिर सुरक्षित विकल्पों की ओर
नजफगढ़ मेट्रो: 16 मार्च से 31 मार्च 2026 तक की प्रमुख खबरें
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
महिला आरक्षण कानून को लेकर हलचल तेज, संसद में जल्द आ सकते हैं नए विधेयक
द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी,ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप