
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/नई दिल्ली/शिवकुमार यादव । द्वारका सेक्टर-3 स्थित मधु विहार में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्वांचल सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूरे क्षेत्र में छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से उत्सव की रौनक देखने को मिली।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए मधु विहार के प्रधान एवं फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम के चेयरमैन रणबीर सिंह सोलंकी ने मधु विहार के बी ब्लॉक, ए-1 ब्लॉक और सी-1 ब्लॉक में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर छठ व्रतियों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रणबीर सिंह सोलंकी ने कहा कि छठ महापर्व अब केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के अनेक देशों में भी पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है। यह पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। आस्था, पवित्रता, संयम, अनुशासन और स्वच्छता का संदेश देने वाला यह महापर्व हमें प्रकृति के संरक्षण तथा उसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक समरसता है। इस पर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ शामिल होते हैं। यह आपसी भाईचारे, एकता और सामूहिक सहयोग की भावना को मजबूत करता है। महानगरों से लेकर देश के दूर-दराज के गांवों तक छठ पूजा के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है।
सोलंकी ने चार दिनों तक कठिन व्रत और साधना करने वाले सभी छठ व्रतियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें साष्टांग नमन किया। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि सभी व्रतियों और उनके परिवारों को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख-समृद्धि, यश एवं प्रतिष्ठा का आशीर्वाद प्राप्त हो।
उन्होंने छठ पूजा के सफल आयोजन में योगदान देने वाली सभी पूजा समितियों, स्थानीय निवासियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने, आपसी सद्भाव बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के अध्यक्ष सुनील पांडे ने रणबीर सिंह सोलंकी को सम्मानित किया। इस अवसर पर अरुण सिंह, राजेश्वर, रमेश झा, विजय शाह, नंद किशोर, डॉक्टर उमेश ग्री, राजकुमार चौधरी, जी.एस. पवार और बी.एन. पांडे सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से मधु विहार के विभिन्न पूजा स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहे। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों के बीच पूरे क्षेत्र में आस्था, उल्लास और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।





More Stories
जेसीबी मशीन हेतु लोन दिलाने के नाम पर वादिनी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले हल्द्वानी निवासी अभियुक्त को किया गिरफ्तार
नाबालिक से रेप मामले में ABVP अध्यक्ष पद प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट समेत ४ गिरफ्तार
डाबड़ी पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को दबोचा, iPhone 16 Plus और Samsung A55 बरामद
द्वारका पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी की यामाहा R15 बाइक बरामद
नॉर्थ जिला पुलिस का बड़ा एक्शन: स्नैचिंग और चोरी के 5 मामले सुलझे, पांच आरोपी गिरफ्तार
दहेज उत्पीड़न मामले में फरार घोषित आरोपी गिरफ्तार, द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई