-अरविंद केजरीवाल से मिलने के बाद आप में जाने की लगाई जा रही थी अटकलें
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/- पंजाब विधानसभा चुनाव के बीच दुनिया में सबसे चर्चित रहे पहलवान द ग्रेट खली गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। खली ने दिल्ली में बीजेपी हेक्वार्टर में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हालांकि इससे पहले अरविंद केजरीवाल से हुई बैठक के बाद खली के आप में जाने की अटकले लगाई जा रही थी। लेकिन अचानक भाजपा में शामिल होकर खली ने पंजाब चुनाव में खलबली मचा दी है।
दलीप सिंह राणा यानी पहलवान द ग्रेट खली ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होते ही कहा कि वह भाजपा में शामिल होकर अच्छा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शायद ही कोई देश बचा हो. जहां मैंने कुश्ती न की हो। अगर मुझे पैसा कमाना होता, तो मैं अमेरिका में ही रहता। लेकिन मैं भारत आया क्योंकि मुझे देश से प्यार है। मैंने देखा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश को सही दिशा मिली। मैंने सोचा कि क्यों न देश में ही रहूं, भाजपा के साथ हाथ मिलाकर देश को आगे ले जाने में अपना योगदान दूं। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी और बीजेपी की विचारधारा से प्रभावित हूं।
बता दें कि डब्ल्यूडब्ल्यूई में अंडरटेकर को धूल चटाने वाले राणा उर्फ द ग्रेट खली ने अपने कार्यकाल में कई चैंपियनशिप भी जीतीं है। 49 साल के द ग्रेट खली एक पूर्व विश्व हैवीवेट चैंपियन हैं। जिन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका में 2021 के प्रतिष्ठित डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेम क्लास में शामिल किया गया था। खली ने 2006 में डब्ल्यूडब्ल्यूई यूनिवर्स में पहली बार प्रवेश करने के बाद से अपनी टाइटैनिक उपस्थिति महसूस की और रेसलिंग की दुनिया में कदम रखने वाले खली पहले भारतीय पेशेवर पहलवान बन गए। डब्ल्यूडब्ल्यूई में एक पेशेवर पहलवान के रूप में अपने कार्यकाल में खली ने कुछ महान कुश्ती सितारों के साथ कुश्ती की और 2007 में विश्व हैवीवेट चैम्पियनशिप जीती। बहुत से लोग नहीं जानते कि खली ने पंजाब पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक के रूप में भी काम किया है। हालांकि खली हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं लेकिन फिलहाल पंजाब में रहते हैं। उन्होंने चार हॉलीवुड फिल्मों, दो बॉलीवुड फिल्मों और कई टेलीविजन शो में भी अभिनय किया है।
सात फीट लंबे रेसलर द ग्रेट खली का 13 नवंबर 2014 को, डब्ल्यूडब्ल्यूई के साथ अनुबंध खत्म हो गया और उन्होंने रेसलिंग की दुनिया को अलविदा कह दिया। तब से, खली डब्ल्यूडब्ल्यूई में कभी-कभी ही नजर आए। 2017 में उन्होंने डब्ल्यूडब्ल्यूई चैंपियनशिप में उपस्थिति बनाए रखने के लिए एक भारतीय रेसलर जिंदर महल को रैंडी ऑर्टन को हराने में मदद की थी। अक्टूबर 2010-जनवरी 2011 में, खली टीवी रियलिटी शो बिग बॉस में भी नजर आए थे। शो के इस सीजन में वह पहले रनर-अप थे। शो में खली के लिए खास इंतजाम किए गए थे, जिसमें कस्टम-मेड बेड भी शामिल था।
अभी हाल ही में उन्होने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी, जिसके बाद यह चर्चा जोरशोर से चल रही थी कि खली आप में जायेंगे लेकिन अचानक भाजपा में शामिल होकर उन्होने सबको चौंका दिया है।


More Stories
जनता की आवाज ही भगवान की आवाज: अभय सिंह चौटाला
सुख बांटने से ही मिलता है सच्चा संतोष: साध्वी ऋतंभरा
बिंदापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वाहन चोर गिरफ्तार, 6 स्कूटी और 1 बाइक बरामद
नींद की गोलियों से दूर रहने की सलाह, ‘स्लीप हाइजीन’ और वैदिक ‘स्वर विज्ञान’ को बताया स्थायी समाधान
‘अतिथि देवो भव’ की मिसाल: एसजीटी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
द्वारका के पंडवाला गांव में प्रॉपर्टी विवाद ने लिया खौफनाक मोड़