नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- द्वारका जिले के बिंदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की क्रैक टीम ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से तीन चोरी की स्कूटी और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और इलाके में सक्रिय रूप से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
स्कूटी चोरी की शिकायत से शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 को बिंदापुर थाने में एक ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता मनोज कटारिया, निवासी उत्तम नगर, ने पुलिस को बताया कि उनकी स्कूटी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की जांच के लिए बिंदापुर थाने की एक विशेष क्रैक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक व्यक्ति चेहरे को ढककर गली में आता हुआ दिखाई दिया और वही स्कूटी चोरी कर ले गया। पुलिस ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान कर ली।
गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान अली हुसैन उर्फ लल्ले (24 वर्ष) निवासी भगवती विहार, बिंदापुर के रूप में हुई।
पूछताछ में कबूले कई चोरी के राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत के कारण चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने खुलासा किया कि उसने पहले भी कई दोपहिया वाहन चोरी किए हैं और उन्हें उत्तम नगर ईस्ट स्थित एक गुरुद्वारे के पास संकरी गली में छिपाकर रखा हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से दो और चोरी की स्कूटी बरामद कर लीं।
कई मामलों में शामिल रहा है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अली हुसैन पहले भी नौ से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े कई केस दर्ज हैं।
चार मामलों का हुआ खुलासा
इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है, जिनमें तीन स्कूटी चोरी और एक मोबाइल चोरी का मामला शामिल है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


More Stories
कानपुर किडनी रैकेट: रिश्तेदार बनाकर होते थे ट्रांसप्लांट
मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के चार शव मिलने से सनसनी
मुश्किल दौर से उभरे अभिनेता, मददगारों का कर्ज लौटाने का लिया संकल्प
नालंदा के शीतला मंदिर में मची भगदड़, नौ श्रद्धालुओं की मौत से मचा हड़कंप
‘रन फॉर अरावली’ में धावकों का शानदार प्रदर्शन
द्वारका में पुलिस का डबल एनकाउंटर ऑपरेशन, दो कुख्यात अपराधी दबोचे गए