धनवर्षा का झांसा बना मौत का जाल, तिहरे जहर कांड में स्वयंभू तांत्रिक गिरफ्तार

स्वामी,मुद्रक एवं प्रमुख संपादक

शिव कुमार यादव

वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी

संपादक

भावना शर्मा

पत्रकार एवं समाजसेवी

प्रबन्धक

Birendra Kumar

बिरेन्द्र कुमार

सामाजिक कार्यकर्ता एवं आईटी प्रबंधक

Categories

March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
March 5, 2026

हर ख़बर पर हमारी पकड़

धनवर्षा का झांसा बना मौत का जाल, तिहरे जहर कांड में स्वयंभू तांत्रिक गिरफ्तार

नई दिल्ली/उमा सक्सेना/-   बाहरी जिले की पुलिस ने पश्चिम विहार इलाके में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक स्वयंभू तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ ‘बाबा’ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर तांत्रिक अनुष्ठान के जरिए धन लाभ कराने का लालच देकर तीन लोगों को अपने जाल में फंसाया और कार के भीतर जहरीला पदार्थ देकर उनकी हत्या कर दी। इस पूरी कार्रवाई को जॉइंट सीपी वेस्टर्न रेंज जतीन नरवाल के नेतृत्व और डीसीपी आउटर सचिन शर्मा की निगरानी में अंजाम दिया गया।

कार में अचेत मिले तीन लोग, अस्पताल में घोषित मृत
घटना 8 फरवरी 2026 की है, जब थाना पश्चिम विहार ईस्ट में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक सफेद कार में तीन लोग बेसुध हालत में पड़े हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि वाहन में दो पुरुष और एक महिला अचेत अवस्था में थे। सभी को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रणधीर (76), शिव नरेश (42) और लक्ष्मी (40) के रूप में हुई। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए साजिशन हत्या की बात कही, जिसके बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच में खुली साजिश की परतें
कार की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें, सॉफ्ट ड्रिंक, खाली गिलास, नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ। तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि मृतक घटना से पहले लोनी (गाजियाबाद) गए थे, जहां उनका संपर्क कमरुद्दीन नामक तांत्रिक से हुआ था। डिजिटल साक्ष्यों से यह भी संकेत मिला कि वापसी के समय कार में एक और व्यक्ति मौजूद था, जो घटनास्थल के पास उतर गया था। बाद में उसकी पहचान कमरुद्दीन के रूप में हुई।

‘धनवर्षा’ का लालच और जहरीला प्रसाद
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने तांत्रिक क्रिया के नाम पर भारी धन लाभ का प्रलोभन दिया था। आरोप है कि उसने पहले से जहरीले पदार्थ मिले मिठाई तैयार कर रखी थी। यात्रा के दौरान कथित तौर पर उसने शराब और पेय पदार्थों के साथ वही मिठाई तीनों को खिलाई। जब वे अचेत हो गए तो आरोपी नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस को शक है कि यह पूरी योजना पहले से रची गई थी।

पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कमरुद्दीन उर्फ बाबा के खिलाफ पहले भी संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और धोखाधड़ी जैसी धाराएं शामिल हैं। जांच एजेंसियां उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों की भी पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तथाकथित तांत्रिक या चमत्कार के नाम पर धन लाभ का दावा करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

About Post Author

Subscribe to get news in your inbox