
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिवकुमार यादव । पुरानी दिल्ली के व्यस्त बाजार चांदनी चौक में पहली मंजिल पर स्थित दुकान में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात को उत्तरी जिला पुलिस ने महज चार दिन में सुलझाने का दावा किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान तक पहुंचने के लिए पेड़ का सहारा लिया और शटर व ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक लहंगा, 8 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड सहित अन्य औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को अनिल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कटरा जज्जर, लेहंगा बाजार, मुख्य चांदनी चौक रोड स्थित उनकी पहली मंजिल की दुकान से करीब 1 लाख 27 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। वारदात रात करीब एक बजे से डेढ़ बजे के बीच हुई थी। चोर दुकान के शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग
वारदात के तरीके को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गहन जांच के दौरान पांच संदिग्धों की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए।
लगातार जांच और छापेमारी के बाद पुलिस ने 14 नवंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन आरोपियों को दिल्ली के छतरपुर इलाके से और एक को गुरुग्राम, हरियाणा से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई के साथ ही चार दिनों के भीतर चोरी की गुत्थी सुलझा ली गई।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नेपाली नागरिक हैं और कई साल पहले नेपाल से दिल्ली आए थे। वे दिल्ली और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में किराये पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नशे और शराब की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया था।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी ज्ञानेंद्र उर्फ घिनू बहादुर पहले से दिल्ली के विभिन्न थानों में वर्ष 2011 से अब तक चोरी के चार मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और चोरी की वारदातों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 51 वर्षीय शेर बहादुर, 35 वर्षीय नरेंद्र, 35 वर्षीय ज्ञानेंद्र उर्फ घिनू बहादुर और 32 वर्षीय भीम बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों नेपाली नागरिक हैं और दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का लहंगा, 8 हजार रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड सहित चोरी के औजार बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एसआई सतीश, एसआई शुभम, कांस्टेबल विपुल, कुलदीप, दीपक और निशांत की टीम शामिल रही। पूरी कार्रवाई एसीपी कोतवाली अमनदीप कौर की निगरानी में की गई।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और लगातार जांच के चलते मामले को कम समय में सुलझाया जा सका। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।





More Stories
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन: सपा-कांग्रेस नहीं, सबसे बड़ा चैलेंज मायावती के लिए
हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दौड़ में BRG का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते कई पदक
मधु विहार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व
जेसीबी मशीन हेतु लोन दिलाने के नाम पर वादिनी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले हल्द्वानी निवासी अभियुक्त को किया गिरफ्तार
नाबालिक से रेप मामले में ABVP अध्यक्ष पद प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट समेत ४ गिरफ्तार
डाबड़ी पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को दबोचा, iPhone 16 Plus और Samsung A55 बरामद