गुरुग्राम/उमा सक्सेना/- गुरुग्राम स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह ट्राईसेंटेनरी यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय ‘सिनर्जी-ज्ञानोत्सव 2026’ का शानदार शुभारंभ हुआ, जिसमें देश के उज्ज्वल भविष्य और अनुसंधान की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जिस तेजी से भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में विश्व की दिशा तय करने में भारत की भूमिका निर्णायक होगी। ‘जय अनुसंधान’ के मंत्र को देश के विकास की नींव बताते हुए वक्ताओं ने छात्रों को केवल भविष्य का इंतजार करने के बजाय उसे खुद गढ़ने की प्रेरणा दी।

तकनीकी बदलाव और आर्थिक विकास पर विशेषज्ञों की राय
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल सिस्टोपिक लेबोरेट्रीज प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक पी.के. दत्ता ने अपने संबोधन में भारत में हुए दो बड़े बदलावों—कंप्यूटरीकरण और आर्थिक उदारीकरण—का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इन बदलावों का विरोध हुआ, लेकिन आज ये देश की प्रगति के प्रमुख आधार बन चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को केवल सोच तक सीमित न रखकर उन्हें नवाचार में बदलने की सलाह दी और एसजीटीयू को भविष्य की यूनिवर्सिटी बताया।
‘आइडिया से इनोवेशन’ तक का सफर बना मुख्य विषय
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित एमक्योर फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट चेतन गुप्ता ने कहा कि किसी भी विचार को उपयोगी समाधान में बदलना ही असली ‘सिनर्जी’ है। उन्होंने बताया कि आज के समय में एकेडमिक रिसर्च और इंडस्ट्री के बीच की दूरी तेजी से कम हो रही है। भारत को वैश्विक फार्मेसी हब बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के बढ़ते प्रभाव पर भी प्रकाश डाला।
‘फ्यूचर रेडी सॉल्यूशंस’ ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में विभिन्न स्टॉल्स के माध्यम से ‘फ्यूचर रेडी सॉल्यूशंस’ प्रदर्शित किए गए, जिनमें आधुनिक तकनीक, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल रहे। इस बार विशेष बात यह रही कि इन स्टॉल्स को शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया था। आयोजन में एआई, ब्लॉकचेन, बिग डेटा, हेल्थकेयर इनोवेशन और क्लाइमेट सस्टेनेबिलिटी जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई।
शिक्षाविदों और अतिथियों ने बढ़ाया कार्यक्रम का गौरव
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रबंध ट्रस्टी मनमोहन सिंह चावला ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का सम्मान किया। कुलपति प्रो. (डॉ.) हेमंत वर्मा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्रो. (डॉ.) अतुल नासा ने उद्घाटन संबोधन प्रस्तुत किया। अंत में डॉ. भारती रैना ने सभी का आभार व्यक्त किया।


More Stories
दिल्ली विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक, बैरियर तोड़कर घुसी कार
ऐतिहासिक रविवार: बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप ने दो बड़े मंचों पर लहराया परचम
23 साल पुराने हत्याकांड में सजा के खिलाफ अमित जोगी की याचिका
शकरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात स्नैचर गिरफ्तार
नजफगढ़ में मेजर सूबेदार जिले सिंह मार्ग एवं द्वार का उद्घाटन
6 अप्रैल—BJP के स्थापना दिवस पर संगठन की यात्रा और ‘विकसित भारत’ का संकल्प