नैनीताल/अनीशा चौहान/- नैनीताल जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों ओखलकांडा क्षेत्र में हुए भीषण हादसे में चार लोगों की जान चली गई थी, और अब एक और हादसे ने जिले को झकझोर दिया है। सड़क सुरक्षा अभियानों और प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
ताजा मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के भुजियाघाट के पास का है, जहां शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 25 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना प्रभारी दीपक बिष्ट पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
मृतक युवक की पहचान सूरज सिंह पुत्र तारा सिंह निवासी बिंदुखत्ता के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, कार में तीन युवक सवार थे। पूछताछ में घायलों ने बताया कि वे लालकुआं से काठगोदाम की ओर दोस्तों के साथ मैगी खाने आए थे। खाना खाने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।


More Stories
दिल्ली में सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, 300 नई पुलिस चौकियों का प्लान
बुराड़ी में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, आरोपी पिता गिरफ्तार
बहादुरगढ़ में फिटनेस का जश्न, प्रमो रन में उमड़ा जोश और उत्साह
ऋषिकेश योग महोत्सव का भव्य समापन
सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक की अहम बैठक
नैनीताल बार एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों ने ली शपथ