नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- राजधानी दिल्ली में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस की गुलाबी बाग थाना पुलिस ने एक कुख्यात युवक को गिरफ्तार किया है, जो अवैध हथियार के साथ वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी के पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया युवक एक ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था।
पिकेट चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
घटना 3 और 4 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब गुलाबी बाग थाने के एएसआई मनोज कुमार और डीएचजी कॉन्स्टेबल विदेश प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन के पास Y-पॉइंट पिकेट पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करीब 2 बजे एक युवक बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिला अवैध हथियार
पकड़े गए युवक की पहचान सुंदर (23 वर्ष), निवासी मेहमूदपुर, गाजियाबाद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच में एएसआई राज कुमार और कॉन्स्टेबल संदीप भी शामिल हुए।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है और जिस बाइक से वह घूम रहा था, वह उसके भाई की है। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह नशे और शराब का आदी है और कुछ समय पहले गलत संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। उसने करीब पांच महीने पहले गाजियाबाद के एक व्यक्ति वसीम से 25 हजार रुपये में यह पिस्टल खरीदी थी, ताकि वह लोगों को डराकर आसानी से लूटपाट कर सके।
वारदात से पहले ही दबोचा गया आरोपी
घटना वाली रात आरोपी इलाके में किसी आसान शिकार की तलाश में घूम रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसे समय रहते पकड़ लिया गया। इससे एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।
गिरफ्तार युवक सुंदर एक स्कूल ड्रॉपआउट है और लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा है। आसान पैसे कमाने के लालच में उसने अपराध का रास्ता अपनाया।
बरामद सामान
एक ऑटोमैटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए उत्तर जिला के डीसीपी राजा बंथिया (IPS) ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।


More Stories
AKSHAYA TRITIYA 2026: अक्षय तृतीया पर आत्म विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के लिए ये 5 वस्तु खरीदना है शुभ!
मोबाइल छीनकर भागने वाला बदमाश गिरफ्तार, बिंदापुर पुलिस ने बरामद किए 6 मोबाइल
हाइरॉक्स बेंगलुरु में बहादुरगढ़ का जलवा, राजेश रघुवंशी ने हासिल किया चौथा स्थान
बीपीएमएस के 39वें शिविर में 215 मरीजों की जांच, 30 को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए दिल्ली भेजा
चोरी के मोबाइल बेचने जा रहा युवक को द्वारका पुलिस ने धर दबोचा
वेदांता पावर प्लांट हादसे पर अमित जोगी का बड़ा बयान, न्यायिक जांच और 1 करोड़ मुआवजे की मांग!