नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/द्वारका/नई दिल्ली/शिव कुमार यादव/भावना शर्मा/- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को मंगलवार को अंबाला में किसानों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित किसानों को काबू करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने किसानों को पीछे किया। इसी धक्का-मुक्की में एक किसान की पगड़ी भी गिर गई। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। किसानों ने सीएम के काफिले में शामिल हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रधान सुभाष बराला की गाड़ी को भी निशाना बनाया।
किसान शांतिपूर्ण तरीके से काले झंडे दिखाकर विरोध व्यक्त करने की मांग कर रहे थे। प्रशासन ने चालाकी दिखाते हुए मुख्यमंत्री को दूसरे रास्ते से निकालने का प्रयास किया। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। करीब एक हजार से ज्यादा किसान मौके पर मौजूद थे। दरअसल मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अंबाला में भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी डॉ. वंदना शर्मा के समर्थन में मंगलवार को एक जनसभा को संबोधित करना था। सीएम के अंबाला आगमन की सूचना मिलते ही सैकड़ों किसान सिटी के अग्रसेन चैक पर जमा हो गए। किसानों को संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। किसान पहले ही एलान कर चुके हैं कि जहां-जहां भाजपा-जजपा के बड़े नेता आएंगे वहीं पर काले झंडे दिखाकर विरोध व्यक्त किया जाएगा।


More Stories
DDU अस्पताल से सरकारी दवाओं की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा
महावीर जयंती पर अंतरराष्ट्रीय मंच से गूंजा अहिंसा का संदेश
नशे पर लगाम’ अभियान के तहत बड़ी सफलता
पुलिस की तत्परता: घंटों में महिला वकील का खोया मोबाइल बरामद
बिहार में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की बड़ी सफलता
द्वारका में स्पेशल स्टाफ का बड़ा एक्शन, हिस्ट्रीशीटर बदमाश हथियार सहित गिरफ्तार