
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/नई दिल्ली/शिवकुमार यादव। खेल और फिटनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (BRG) के धावकों ने पंजाब के अमृतसर में आयोजित द ग्रेट माझा रन में शानदार प्रदर्शन कर बहादुरगढ़ का नाम रोशन किया। 15 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में BRG के खिलाड़ियों ने 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन (21 किलोमीटर) और फुल मैराथन (42 किलोमीटर) में हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए धावकों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान सहित कई उपलब्धियां हासिल कीं और नकद पुरस्कार अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में BRG के राजेश ने 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि ब्रह्म प्रकाश मान ने इसी श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मोहित शर्मा ने भी 10 किलोमीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल कर ग्रुप की उपलब्धियों में इजाफा किया। वहीं, महिला धाविका ललिता पांडेय ने 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उरिरेई देवी ने इसी दूरी की दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।
इसके अलावा राजपाल ने 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के 35+ आयु वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त किया। सुधीर तेवतिया ने 42 किलोमीटर की फुल मैराथन को 3 घंटे 30 मिनट में पूरा कर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) दर्ज किया। वहीं तेजस ने 5 किलोमीटर ओपन कैटेगरी में पांचवां स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रेम सिंह नेगी ने 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में हिस्सा लिया, जबकि हरीश स्वामी और जय नेगी ने 5 किलोमीटर दौड़ में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मेहनत और अनुशासन से हासिल की सफलता
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप के संस्थापक एवं संचालक दीपक छिल्लर ने सभी धावकों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि BRG का उद्देश्य केवल मेडल और पुरस्कार जीतना नहीं, बल्कि समाज के अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि ग्रुप के धावक देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेकर लगातार बहादुरगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं। अमृतसर में मिली सफलता खिलाड़ियों की नियमित मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
दीपक छिल्लर ने प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ दौड़ में हिस्सा लेने वाले सभी BRG सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से महिला धावकों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी समाज की अन्य महिलाओं को भी फिटनेस और दौड़ जैसी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप का संदेश स्पष्ट है कि हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना चाहिए। नियमित दौड़ और व्यायाम से न केवल शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, बल्कि अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी मिलती है।
अमृतसर में BRG के धावकों की इस शानदार उपलब्धि से पूरे बहादुरगढ़ में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।





More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में छठ महोत्सव में किया प्रतिभाग,सूर्य देव नारायण से की प्रदेश की खुशहाली की कामना
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन: सपा-कांग्रेस नहीं, सबसे बड़ा चैलेंज मायावती के लिए
चांदनी चौक में चोरी का अनोखा तरीका: पेड़ पर चढ़कर पहली मंजिल की दुकान में घुसे चोर
हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दौड़ में BRG का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते कई पदक
मधु विहार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व
जेसीबी मशीन हेतु लोन दिलाने के नाम पर वादिनी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले हल्द्वानी निवासी अभियुक्त को किया गिरफ्तार