बहादुरगढ़/- हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने भी अब अपराधियों पर योगी स्टाइल में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसे ही एक मामले में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में प्रशासन के अधिकारियों ने कथित तौर पर कुख्यात गैंगस्टर अनिल गंजा के घर को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि ढहाया गया यह घर पंचायती जमीन पर बना था। इस दौरान गांव में भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने रविवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अनिल गंजा फिलहाल झज्जर की धुलीना जेल में बंद है। वह हरियाणा और दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली समेत लगभग 10 आपराधिक मामलों में आरोपी है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश के बाद झज्जर के बहादुरगढ़ इलाके के नूना माजरा गांव में स्थित गंजा के मकान को ढहा दिया गया। उन्होंने कहा कि मकान पंचायती जमीन पर बना था।
बता दें कि इससे पहले, मानेसर नगर निगम ने बीते माह 23 सितंबर को गुरुग्राम के बाढ़गुर्जर गांव में कुख्यात गैंगस्टर सूबे गुर्जर द्वारा कृषि भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई तीन मंजिला कोठी को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया था। मानेसर नगर निगम के डीटीपी संजय कुमार ने बताया कि सूबे गुर्जर द्वारा बाढ़गुर्जर गांव में तीन हजार वर्ग गज कृषि भूमि पर बिना अनुमति के मकान का निर्माण किया गया था।
गैंगस्टर सूबे गुर्जर पर हत्या, फिरौती, हत्या के प्रयास सहित 42 अपराधिक मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर पर हरियाणा पुलिस ने पांच लाख का इनाम भी घोषित किया था। कई सालों की मशक्कत के बाद गैंगस्टर को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया था। गैंगस्टर अभी भोंडसी जेल में बंद है। गैंगस्टर ने गुरुग्राम, नूंह,रेवाड़ी, पलवल और दिल्ली में वारदात को अंजाम दिया है। मानेसर में हाईवे के पास गैंगस्टर की जमीन पर तत्कालीन एसटीएफ आईजी ने पुलिस चौकी खोल दी थी।


More Stories
दिल्ली में करण औजला के संगीत कार्यक्रम के दौरान हंगामा
आरोपों से राहत के बाद जंतर-मंतर पर शक्ति प्रदर्शन
महंगाई का तगड़ा झटका: एलपीजी और एटीएफ दोनों महंगे
होली 2026: सुख, शांति और समृद्धि के लिए इन सात स्थानों पर करें दीप प्रज्वलन
धुंआधार बल्लेबाज़ी से पाकिस्तान बाहर, पवन रत्नायक बने जीत के हीरो
दो मार्च से नए उपकरणों की घोषणा शुरू करेगा एप्पल