झारखंड/अनीशा चौहान/- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सारंडा जंगल में 30 मई की रात सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ जलायकेला थाना क्षेत्र के तिरिलपोशी गांव के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में हुई, जहां नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर ऑपरेशन चलाया गया था।
IED विस्फोट में कोबरा बटालियन का जवान घायल
इस अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक हमला कर दिया और एक IED (इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट किया। इस विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के जवान सुनील कुमार घायल हो गए। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार देकर हेलीकॉप्टर से रांची स्थित अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में लगभग 100 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों का कैंप खाली करवा लिया गया। कैंप की तलाशी के दौरान डेटोनेटर, विस्फोटक सामग्री, हथियार और हाल ही में लूटा गया सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार यह सामान झारखंड-ओडिशा सीमा क्षेत्र से लूटा गया था।
अभियान में शामिल हुईं कई सुरक्षाबल इकाइयाँ
इस ऑपरेशन में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ की 26, 60, 134, 174, 193 और 197 बटालियन, कोबरा कमांडो, तथा झारखंड जगुआर की विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। यह मुठभेड़ गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान का हिस्सा थी।
क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी, वरिष्ठ नक्सलियों के छिपे होने की आशंका
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि इलाके में नक्सलियों के वरिष्ठ कमांडर छिपे हो सकते हैं। ऐसे में अभियान को और व्यापक किया गया है ताकि पूरे क्षेत्र को नक्सल मुक्त किया जा सके।


More Stories
द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने तीन शातिर चोर दबोचे
गुमशुदगी से हत्या तक: द्वारका पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज वारदात
पश्चिम एशिया संकट की गूंज से दलाल स्ट्रीट में हड़कंप
पश्चिम एशिया में बढ़ा टकराव: भारत ने कनाडा से की चर्चा
अमित शाह ने तुष्टिकरण और कर्ज को लेकर राज्य सरकार पर साधा निशाना
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव पर प्रधानमंत्री की अपील