-शिव सेना नेता राउत ने लगाया भाजपा पर साजिश का आरोप, बोले- मेरे पास पुख्ता सबूत
नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/द्वारका/मुंबई/भावना शर्मा – शिव सेना नेता संजय राउत पर ईडी की कार्यवाही के बीच संजय राउत ने शुक्रवार को मुंबई को केंद्र शासित प्रदेश बनाये जाने को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह मुंबई को एक केंद्र शासित प्रदेश बनाने की साजिश रच रही है। उन्होने पत्रकार वार्ता में कहा कि मुंबई को केंद्र शासित राज्य बनाने के प्रयासों के उनके पास सबूत भी है। राउत ने कहा कि इस आशय का एक प्रजेंटेशन भी केंद्रीय गृह मंत्रालय को दिया गया है।
मुंबई में पत्रकारों से चर्चा में राउत ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया और पार्टी नेताओं, बिल्डरों, व्यापारियों का एक समूह इस साजिश का हिस्सा था। मुंबई को केंद्र शासित प्रदेश बनाने के बारे में एक प्रस्तुति एमएचए को दी गई है। बैठकें हुई हैं और इस उद्देश्य के लिए धन एकत्र किया जा रहा है। यह सब पिछले दो महीनों से चल रहा है और मैं जो यह कह रहा हूं उसे साबित करने के लिए मेरे पास पुख्ता सबूत हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी इस घटनाक्रम से वाकिफ हैं।
राउत ने दावा किया कि अगले कुछ महीनों में किरीट सोमैया के नेतृत्व वाला समूह यह कहते हुए कोर्ट जा सकता है कि महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मराठी लोगों का प्रतिशत बहुत कम हो गया है, इसलिए महानगर को केंद्र शासित प्रदेश बनाया जाना चाहिए। राउत ने कहा कि सोमैया इससे पूर्व मराठी को स्कूलों में अनिवार्य भाषा बनाने के राज्य सरकार के निर्णय को भी चुनौती दे चुके हैं।
बता दें, दशकों तक दोस्त रहे शिवसेना-भाजपा के बीच इन दिनों जबर्दस्त घमासान चल रही है। राउत व सोमैया के बीच जुबानी जंग अदालत तक पहुंच चुकी है। राउत ने सोमैया पर आईएनएस विक्रांत को बचाने के लिए चंदा जुटाने व उसमें धांधली के आरोप लगाए हैं। इस मामले में एक पूर्व सैन्यकर्मी ने मुंबई के ट्रॉम्बे थाने में सोमैया के खिलाफ धोखाधड़ी का केस भी दर्ज कराया है।


More Stories
महाराष्ट्र टूरिज्म ने नई दिल्ली में आयोजित SATTE 2026 में दिखाई गई “उभरते टूरिज्म की रोचक झलकियां”
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, SIR केस में बंगाल हाईकोर्ट को दिशा-निर्देश
धार्मिक भावनाओं के मामले में रणवीर सिंह को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत
लखनऊ यूनिवर्सिटी में धार्मिक आयोजन को लेकर विवाद, दो गुट आमने-सामने
साउथ अफ्रीका से शिकस्त, टीम इंडिया के लिए करो या मरो की स्थिति
एयरपोर्ट पर हड़कंप, 155 पैसेंजर्स वाली फ्लाइट को करना पड़ा इमरजेंसी लैंडिंग