नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/नजफगढ़/शिव कुमार यादव/- नजफगढ़ का जाम वर्षों से लोगों के गले की फांस बना हुआ है। हालांकि कई बार नजफगढ़ फिरनी को जाम मुक्त करने के उपाय किये गये लेकिन अभी तक सभी नाकाम ही साबित हुए हैं। नजफगढ़ को एक बार फिर जाम मुक्त बनाने के लिए नजफगढ़ विधायक व दिल्ली सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत ने नई सिरे से कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को इसी कड़ी में जिला दक्षिण-पश्चिम के डीएम हेमंत कुमार शाह ने नजफगढ़ सब्जी मंडी का दौरा किया और उन कारणों को जानने की कोशिश की जिनके चलते यहां जाम लगता है। हालांकि उनके दौरे को देखते हुए तुरंत प्रशासन हलचल में आ गया और नजफगढ़ सब्जी मंडी में रेहड़ी-पटड़ी वालों को हटाने में जुट गया।

नजफगढ़ विधायक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंत्री कैलाश गहलोत ने डीएम को नजफगढ़ की जाम की समस्या को दूर करने के निर्देश दिये थे जिसके बाद बुधवार को डीएम हेमंत कुमार शाह ने अपनी टीम के साथ नजफगढ़ फिरनी व सब्जी मंडी का दौरा किया। इस अवसर पर नजफगढ़ एसडीएम अमित काले, छावला थाना पुलिस अधिकारी, एमसीडी व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी तथा विधायक कार्यालय का स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहा। नजफगढ़ सब्जी मंडी के दौर के दौरान डीएम ने फुटपाथ व सड़क पर लगी रेहड़ी-पटड़ी पर सवाल उठाये। उन्होने कहा कि आखिर किस की इजाजत से ये सब यहां लग रहे हैं। वहीं इसी दौरान बहादुरगढ़ से गुरूग्राम के लिए चल रही अवैध बस सर्विस पर भी उन्होने यातायात पुलिस से कार्यवाही करवाई और उसका चालान कटवाया। इसके साथ ही उन्होने रेहड़ी-पटड़ी वालों व मंडी के आढतीयों से भी बात की ताकि मंडी में यातायात व व्यवस्था सुचारू बनाने के उपाये तलाशे जा सकें।

उन्होने पुलिस व एमसीडी को रेहड़़ी पटड़ी हटाने की जिम्मेदारी देने की बात कही तो दोनो ही पक्ष जिम्मेदारी लेने से बचते नजर आये। आखिर डीएम ने पूछा कि यहां व्यवस्था कैसे बनाई जा सकती है जब जिम्मेदार विभाग ही जिम्मेदारी लेने से बच रहे है।
विधायक कार्यालय के कर्मियों ने सलाह दी कि फुटपाथ व सड़क के बीच रेलिंग लगाई जाये ताकि उसके आगे कोई गाड़ी या रेहड़ी नही लगा सके और दूकानदारों को फुटपाथ पर सामान रखने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाये तभी यहां सुव्यवस्था बहाल हो सकती है। हालांकि एसडीएम अमित काले ने कहा कि मंडी को कहीं और ले जाना भी एक विकल्प है लेकिन अभी इस पर बात करनी होगी। वहीं डीटीसी बसों के सड़क पर खड़े होने का सवाल भी उठाया गया तो इसके लिए भी डीएम ने उचित व्यवस्था करने के एसडीएम को निर्देश दिये।

अगर योजना के मुताबिक काम हुआ तो फुटपाथ व सड़क के बीच रेलिंग लगाई जायेगी और डीटीसी बसों को सड़कों पर खड़ा होने से रोकने के लिए उन्हे अनाज मंडी के सामने वाली जमीन में खड़ा करने की इजाजत दी जायेगी। सरकार के पास तीसरी विकल्प यह है कि यहां से मंडी को हटाया जाये और आढ़तियों को कहीं और जगह दी जाये। अब देखना यह है कि पहले की तरह डीएम का यह दौरा भी एक खानापूर्ति मात्र ही रहेगा या फिर इस बार वास्तव में कोई कार्यवाही होगी जिससे नजफगढ़ की जनता व यहां से गुजरने वाले राहगीरों को सुकून भरा सफर तय करने को मिल सके।


More Stories
बीपीएमएस के 36 वें निःशुल्क कैंप में 125 मरीजों की ओपीडी, 35 का होगा नेत्र आपरेशन
बठिंडा में तनावपूर्ण हालात, प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस छोड़कर भीड़ तितर-बितर
Rojgar Mela 2026: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, 98K+ पदों पर भर्ती
भारत बनाएगा ‘एवरेस्ट रेंज’ हेलिकॉप्टर, पीएम मोदी ने की ऐतिहासिक घोषणा
आज का मौसम: दिल्ली में यू-टर्न, बूंदाबांदी और ठंडी हवा से बदला मिजाज
दिल्ली स्कॉर्पियो केस में आरोपी के पिता की सफाई, कहा- ‘शर्मिंदा हूं’